आगरा के बमरौली कटारा क्षेत्र में युवती से मोबाइल नंबर मांगने का विरोध करने पर दबंगों ने ठेकेदार को बुरी तरह पीट दिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आगरा के थाना बमरौली कटारा क्षेत्र के ग्राम विझामई में आलू खुदाई के दौरान मजदूरों की पिटाई और छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। युवती का मोबाइल नंबर मांगने का विरोध करने पर दबंगों ने ठेकेदार की बेरहमी से पिटाई कर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
विज्ञापन
ग्राम विझामई निवासी चेतन धाकरे ने पुलिस को बताया कि वह आलू खुदाई के लिए झांसी से 35 मजदूरों को ले आए हैं। मंगलवार को गांव निवासी चरन सिंह के खेत में आलू खुदाई करा रहे थे। आरोप है कि किसान का भाई सतेंद्र आया और काम कर रही एक युवती से जबरन उसका मोबाइल फोन नंबर मांगने लगा।
मना करने पर पीट दिया। ठेकेदार के विरोध पर परिवार के अन्य लोगों के साथ लाठी-डंडे से पीटकर घायल कर दिया। थाना बमरौली कटारा के प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपियों चरन सिंह, सतेंद्र, गंगाराम, बच्चू, विनीत, लोकेंद्र आदि के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।