आगरा के थाना जगदीशपुरा क्षेत्र के गांव सदरवन में शुक्रवार सुबह विद्युत लाइन ठीक करने पोल पर चढ़ा संविदाकर्मी तेज धमाका होने से नीचे गिर गया। गांव के लोग उसे अस्पताल ले गए। जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
थाना किरावली के गांव जिंदपुरा निवासी प्रवीन (40) बिचपुरी फीडर पर काफी समय से संविदा पर कार्य कर रहा था। शुक्रवार सुबह 10 बजे वह बिचपुरी फीडर पर शटडाउन लेकर सदरवन गांव में सरकारी स्कूल के पास लाइन ठीक करने गया था। वह विद्युत पोल पर चढ़कर लाइन ठीक कर रहा था, तभी अचानक तारों में करंट दौड़ गया। इससे प्रवीन तेज धमाके के साथ झुलस कर नीचे गिर गया। मौके पर पहुंचे ग्राम प्रधान गौरव पाठक एवं अन्य लोग उसे अस्पताल ले गए। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर मृतक के परिजनों बिचपुरी फीडर पर पहुंच गए और हंगामा करने लगे। चौकी इंचार्ज बिचपुरी ने बताया है कि भाई रघुनाथ सिंह की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ लापरवाही का मुकदमा दर्ज किया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। भाई ने विद्युत विभाग के अधिकारियों से मुआवजे की मांग की है। अधिकारियों ने मुआवजे दिलाने का आश्वासन दिया है।
दो बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
भाई रघुनाथ सिंह ने कहा है कि विद्युतकर्मियों की लापरवाही से दो बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है। प्रवीन की 12 साल की बेटी अनुष्का और 10 साल का बेटा प्रतीक है। प्रवीन की मौत की खबर से पत्नी राजकुमारी और बच्चों का रो रोकर बुरा हाल है।