बेवर। थाना क्षेत्र में 28 अक्तूबर को विद्युत लाइन पर काम करते समय करंट लगने से गिरकर घायल हुए संविदा लाइनमैन सोनू अली की इलाज के दौरान मंगलवार की रात आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई।
मृतक के भाई शाहरुख ने पुलिस को घटना के संबंध में बुधवार देर शाम को तहरीर दी है। पुलिस तहरीर के आधार पर जांच की बात कह रही है।
बेवर निवासी सोनू अली अरम सराय उपकेंद्र पर तैनात थे। 28 अक्तूबर को वन खंड आश्रम के पास फाल्ट की सूचना पर वह लाइनमैन मुकेश के साथ गए थे। परिजन के अनुसार सोनू ने फोन से उप केंद्र पर तैनात एसएसओ से शटडाउन लिया था।
काम करने के दौरान अचानक शटडाउन खोल दिया गया। करंट लगने से सोनू लगभग 13 मीटर ऊंचे खंभे से जमीन पर गिरकर गंभीर घायल हो गया था। उनको इलाज के लिए आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया था।
इलाज के दौरान मंगलवार रात सोनू की मृत्यु हो गई। आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने से नगर के लोगों द्वारा भी सोनू के खाते में सहायता राशि प्रदान की गई थी। बुधवार को उसका शव बेवर लाया गया। छोटे भाई शाहरुख, सलमान तथा बहन का रो-रोकर बुरा हाल है। पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। बुधवार की शाम को उसके शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
मृतक के भाई शाहरुख ने तहरीर देकर विभाग के एसएसओ सहित कर्मचारियों पर लापरवाही का आरोप लगाकर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की है। थानाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच करने के बाद कार्रवाई की जाएगी।
फोटो 29 सोनू का फाइल फोटो