कासगंज में चांडी मार्ग पर नगला चीटा मे बारिश के बाद गिरा मकान का लैंटर ।
- फोटो : KASGANJ
कासगंज। जिले में लगातार कई दिनों से रुक रुककर बारिश का दौर जारी है। रविवार सुबह तक 42 मिली मीटर बारिश हुई। लगातार हो रही बारिश के कारण कमजोर और कच्चे मकानों पर बारिश का प्रभाव पड़ा है। तहसील क्षेत्र के गांव नगला चीटा में एक दो मंजिला मकान भर भराकर गिर पड़ा, लेकिन कोई जन हानि नहीं हुई। मकान गिरने की सूचना पर राजस्व टीम ने मौके का निरीक्षण किया।
जिले में लगातार तीन दिनों से बारिश का क्रम जारी है। दिन रात रुक रुककर बारिश हो रही है। पिछले तीन दिनों में करीब 100 मिली मीटर बारिश हो चुकी है। जबकि रविवार सुबह तक 42 मिली मीटर बारिश होने का आंकड़ा सामने आया है। बारिश के कारण कमजोर कच्चे मकानों में रह रहे लोगों के सामने दिक्कतें बढ़ी हैं। मकानों की दीवार गिरने और मकान गिरने की सूचनाएं लगातार मिल रहीं हैं। नगला चीटा में ओमप्रकाश की दुकान व मकान गिर गया। यह हादसा रविवार सुबह 11:30 बजे हुआ।
बताया गया कि दुकान में खाद बीज का कारोबार होता था और पास में एक और दुकान बन रही थी। मकान गिरने से पूर्व मकान में दरारें पड़ गईं। दरारें देखते ही परिवार के लोग मकान से बाहर आ गए। दो महिलाएं घर के अंदर थीं। कुछ ही देर बाद मकान भरभराकर गिर पड़ा। लोग हादसे का शिकार होने से बच गए। दुकान में रखा खाद बीज का सामान मलबे में दब गया। शनिवार को भी मोहल्ला नवाब में एक दीवार गिरने की घटना हुई।