आगरा। जयपुर हाईवे पर सुचेता गांव के पास सोमवार देर रात एक कंटेनर में आग लग गई। चालक और परिचालक ने ट्रक रोका और बाहर कूदकर जान बचाई। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने आधे घंटे में आग पर काबू पाया। पीड़ित चालक ने थाना शाहगंज में तहरीर दी है। हाथरस के सासनी निवासी चालक अर्जुन ने बताया कि 25 दिसंबर को कंटेनर से गाजियाबाद की एक कंपनी के मोबाइल पार्ट्स लेकर तिरुपति में डिलीवरी करने जा रहे थे। सोमवार रात करीब 2 बजे सुचेता गांव के पास शार्ट सर्किट से कंटेनर में पीछे की ओर आग लग गई। किसी प्रकार अपनी जान बचाई। लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया। इंस्पेक्टर शाहगंज ने बताया कि तहरीर के आधार पर आग लगने की जांच की जा रही है।