नेशनल हाईवे-2 पर सुस्त गति से चल रहे तीन फ्लाईओवर निर्माण के कारण राहगीर ही नहीं दुकानदार भी मुसीबत झेल रहे हैं। हाईवे के सर्विस रोड पर स्थित बाजारों से भी ग्राहकों ने नजरें फेर ली हैं। घंटों के जाम और धूल फांकने से बचने के लिए लोग इन बाजारों की ओर रुख नहीं कर रहे हैं। यही कारण है कि दो साल में व्यापार में 50 फीसदी से ज्यादा की गिरावट आई है।
एनएच-2 पर दो साल से खंदारी चौराहा, सुल्तानगंज की पुलिया और वाटर वर्क्स चौराहे पर तीन फ्लाईओवर के निर्माण का कार्य चल रहा है। इससे सर्विस रोड के बाजारों की रौनक चली गई है। आगरा बाईपास व्यापार समिति के अध्यक्ष मुरारीलाल गोयल ने बताया कि वाटर वर्क्स, सुल्तानगंज की पुलिया और खंदारी तक कई शिक्षण संस्थाएं, आटो शोरूम, फर्नीचर शोरूम, इलेक्ट्रानिक्स, पेंट, आटो पार्ट्स, रेडीमेड गारमेंट, डाक्टर्स के क्लीनिक हैं। अन्य छोटे व्यापारियों को मिला लिया जाए तो दो हजार से ज्यादा दुकानदार फ्लाई ओवर निर्माण की धीमी गति से परेशान हैं। दो सालों में ग्राहकों ने इन बाजारों में आना ही बंद कर दिया है। व्यापारी बस जल्दी से फ्लाईओवर का कार्य पूरा होने की दुआ कर रहे हैं।
वाटर वर्क्स पर फ्लाई ओवर के निर्माण से दुकानदारी आधी रह गई है। यहां लोग जाम में फंसने क्यों आएंगे।
-आटो पार्ट्स दुकानदार राजू खंडेलवाल।
दिक्कतों के कारण ग्राहक कम आते हैं। सर्विस रोड के दुकानदार दिनभर धूल फांकने को मजबूर हैं।
- जाकिर हुसैन, मोटर गैराज संचालक, वाटर वर्क्स
हाईवे का ट्रैफिक 20 फुट के सर्विस रोड पर आ गया है। ऐसे में ग्राहक के रुकने के लिए जगह भी कम है। व्यापार में खासा फर्क पड़ा है।
- राजीव शर्मा, सुल्तानगंज की पुलिया
फ्लाईओवर निर्माण कार्य से कई तरह की परेशानियां झेल रहे हैं। प्रदूषण के कारण बीमार हो रहे हैं। व्यापार 50 फीसदी तक कम हो गया है।
- मुकेश गर्ग, इलेक्ट्रानिक शोरूम
मंदिर हटाने का विरोध
सुल्तानगंज की पुलिया पर हनुमान मंदिर को स्थानांतरित किए जाने का शिव सैनिकों ने विरोध किया है। शिवसेना के जिला प्रमुख वीनू लवानिया, चुन्ना पांडेय, रश्मि वर्मा, सुरेश प्रजापति, सोनू ठाकुर आदि ने हाईवे पर मंदिर को मुगल रोड पर शिफ्ट करने का विरोध किया। उनका कहना है कि धर्मस्थलों पर एक ही नीति अपनाएं। भेदभाव न करें। एनएचएआई अधिकारियों ने मंदिर को फिलहाल शिफ्ट किए जाने से इनकार किया है।