आगरा की आवास विकास काॅलोनी के सेक्टर-8 में चोरों ने मैनपुरी के कुरावली थाने में तैनात हेड कांस्टेबल राहुल यादव के घर चोरी की। ताले तोड़कर 20 लाख के जेवरात और 1.50 लाख रुपये चोरी कर लिए। उनका परिवार शादी में गया था। सोमवार की रात घर लौटने पर घटना का पता चला। फॉरेंसिक टीम ने जांच की। पुलिस काॅलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है।
राहुल यादव ने बताया कि छोटे भाई राघव यादव कानपुर कलेक्ट्रेट में हैं। वह खुद कुरावली थाने में तैनात हैं। बेटेश्वर में माता-पिता रहते हैं। पत्नी साधना के परिवार में शादी थी। वह मायके गई थीं। मां भी गांव चली गईं। वह 29 जून को मां को लेने गांव गए थे। घर में ताला लगा था। सोमवार रात को वह घर लौटे।
चोरों ने लोहे के दरवाजे का कुंडा काटकर घर में प्रवेश किया। कमरों के गेट के कुंडे तोड़े। इसके बाद 2 अलमारी और 3 संदूकों के ताले तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। डेढ़ लाख रुपये नकदी भी चोरी करके ले गए। यह रकम जमीन खरीदने के लिए घर में रखी थी।
सूचना पर पुलिस पहुंच गई। खोजी कुत्ते की मदद से जांच की। फॉरेंसिक टीम ने भी फिंगर प्रिंट लिए हैं। थाना जगदीशपुरा पुलिस का कहना है कि काॅलोनी के सीसीटीवी फुटेज से चोरों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।