01एमएनपी-19-कुसमरा के गांव नगला पंचम में ग्रामीणों को समझाती पुलिस
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी/कुसमरा। आगरा में तैनात किशनी थाना क्षेत्र के गांव पंचमपुर निवासी सिपाही की मौत के बाद गांव और घर को प्रशासन ने सैनिटाइज कराया। परिजनों की स्क्रीनिंग के बाद उन्हें क्वारंटीन किया गया। जिला प्रशासन भी सिपाही की कोरोना जांच रिपोर्ट के आने का इंतजार कर रहा है।
पंचमपुर गांव निवासी सतीश चंद्र (57) पुत्र इतवारी लाल शाक्य की तैनाती आगरा में सिपाही के पद पर थी। वह एंटी रोमियो स्क्वॉड की गाड़ी चालक थे। सिपाही को बृहस्पतिवार को सांस लेने में दिक्कत के चलते एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। यहां शुक्रवार सुबह सिपाही ने दम तोड़ दिया। सिपाही की कोरोना संक्रमण के चलते मौत की संभावना को लेकर मैनपुरी जिला प्रशासन भी अलर्ट हो गया है। शुक्रवार दोपहर स्वास्थ्य विभाग की टीम और किशनी थाना प्रभारी ओमहरि वाजपेयी ने सिपाही के गांव पंचमपुर को सैनिटाइज कराया। इसके साथ ही गांव में रह रहे सिपाही के छह परिजनों को स्क्रीनिंग के बाद होम क्वारंटीन किया। सिपाही की कोरोना जांच रिपोर्ट आने तक ग्रामीणों को भी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
पुत्रवधू और नातिन को क्वारंटीन हाउस भेजा
सिपाही की पुत्रवधू अपनी डेढ़ वर्षीय बेटी के साथ 14 अप्रैल को आगरा से कुसमरा कस्बा स्थित अपने घर लौटी थी। सिपाही की मौत के बाद पुत्रवधू और नातिन को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने एंबुलेंस से क्वारंटीन हाउस नवोदय विद्यालय भोगांव भेज दिया।
जांच रिपोर्ट का इंतजार
सिपाही की मौत कोरोना से हुई है या नहीं यह जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। सतर्कता बरतते हुए गांव को सैनिटाइज कराया गया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने परिजनों को क्वारंटीन किया है।
- ओमहरि वाजपेयी, थानाध्यक्ष किशनी