कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहर में पैदल मार्च निकाला
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। कांग्रेस कार्यालय मंडी धर्मदास से शनिवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहर में पैदल मार्च निकाला। नारेबाजी करते हुए कार्यकर्ता शहर की सड़कों पर निकले। आरोप लगाया कि सरकार महिला उत्पीड़न की घटनाओं को नहीं रोक पा रही है।
शनिवार को कार्यकर्ता कार्यालय पर एकत्रित हुए। जिलाध्यक्ष विनीता शाक्य ने कहा कि भाजपा सरकार महिलाओं के लिए दावे तो तमाम करती है। लेकिन महिलाओं की सुरक्षा के लिए कारगर प्रयास नहीं करती है। महिला संबंधी अपराध लगातार बढ़ते जा रहे हैं। सरकार महिलाओं पर अंकुश नहीं लगा पा रही है। भाजपा सरकार में महिलाओं पर अत्याचार बढ़ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार के महिला अपराधों पर अंकुश लगाने के दावे पूरी तरह फेल हो रहे हैं। लोकसभा चुनाव 2024 में महिलाएं भाजपा को सबक सिखाएगी। कैलाश उपाध्याय, शशीप्रभा, मायादेवी, शीलादेवी, सुषमादेवी, मुन्नीदेवी, नाजिया बेगम, रोशनी, ऊषा, पवन सैनी, अमित यादव, सुरेश राठौर मौजूद रहे।