प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगरा आगमन पर कांग्रेसियों ने जगह-जगह विरोध प्रदर्शन किए। शहर कांग्रेस कार्यकर्ता काले झंडे दिखाने के लिए निकले, लेकिन उन्हें भगवान टाकीज चौराहे पर पुलिस ने हिरासत में ले लिया। मंटोला तिराहे पर युवक कांग्रेसियों ने काले झंडे लेकर प्रदर्शन किया, यहां भी पुलिस ने उन्हें रोक दिया। जयपुर हाउस में जिला कमेटी ने मौन उपवास रखकर विरोध जताया।
शहर अध्यक्ष हाजी अबरार हुसैन के नेतृत्व में बाईपास रोड स्थित कार्यालय से काले झंडे लेकर जुलूस निकाला। भगवान टाकीज फ्लाईओवर के नीचे पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। उनका कहना था कि प्रधानमंत्री को उनके बैराज, एयरपोर्ट, हाईकोर्ट बेंच, स्टेडियम के वायदे याद दिलाने जा रहे हैं। सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन दिया गया।
इसके बाद कांग्रेसियों को हिरासत में लेकर पुलिस लाइन ले जाया गया। यहां से शाम को छोड़ा गया। इस दौरान प्रदेश महासचिव शब्बीर अब्बास, डॉ. मधुरिमा शर्मा, चौधरी बच्चू सिंह, अश्वनी जैन, परवाज अंजुम, राघवेंद्र उपाध्याय, गीता सिंह, अरविंद दौनेरिया, लक्ष्मीनारायण सिंह, अजय सरपाल, विशाल सरपाल, रतन सिंह भाटिया, कपूरचंद रावत, सोहेल अलवी आदि थे।