यूपी विधानसभा चुनाव में जुटी कांग्रेस जय भारत महासंपर्क अभियान के तहत घर-घर दस्तक दे रही है। मथुरा जिले में पहले दिन कांग्रेसियों ने 10 ब्लॉक में चिन्हित किए गए 10 गांव में डेरा डाला और ग्रामीणों के घर-घर में दस्तक दी। कार्यकर्ताओं ने न केवल ग्रामीणों से उनकी समस्याएं जानीं बल्कि उनके साथ सहभोज कर उन्हें समस्याओं का समाधान कराने का आश्वासन भी दिया।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को मथुरा-वृंदावन के बाबूगढ़, बलदेव के जटौरा, मांट के कराहरी, नौहझील के सल्ल, राया के श्यौरा, छाता के सेही, नंदगांव आदि में जनसंपर्क किया। कांग्रेस के जिलाध्यक्ष भगवान सिंह वर्मा की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे मुख्य अतिथि पार्टी के राष्ट्रीय सचिव रोहित चौधरी ने कहा कि केंद्र और राज्य की सरकार किसान विरोधी है। सरकार देश हित के लिए नहीं बल्कि पूंजीपतियों के लिए कार्य कर रही है।
विशिष्ट अतिथि प्रदेश सचिव और प्रभारी मथुरा योगेश तालान ने कहा कि भाजपा सरकार में गरीब, किसान, मजदूर, व्यापारी कोई भी वर्ग खुश नहीं है। पूर्व विधायक प्रदीप माथुर ने कहा कि भाजपा के शासन में महंगाई चरम सीमा पर है। पेट्रोल-डीजल के दाम दिन-प्रतिदिन बढ़ रहे हैं। इस मौके पर पदाधिकारियों ने गांव के स्वतंत्रता सेनानी, आशा कार्यकर्ता, सैनिक परिवार, सफाई कर्मी व शिक्षामित्रों को उनके उत्कृष्ट कार्य करने पर स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।