मैनपुरी। घर में लगाई गई आग में जलने से हुई तीन लोगों की मौत के बाद शोक संवेदना व्यक्त करने नगला माधौनगर जा रहे कांग्रेस प्रतिनिधि मंडल को पुलिस ने भांवत चौराहा पर रोक दिया। नेताओं के काफी कहने के बाद भी उन्हें आगे नहीं जाने दिया गया। भांवत चौराहा स्थित पुलिस चौकी पर पीड़ित परिजनों की कांग्रेस प्रतिनिधि मंडल से मुलाकात कराई गई।
खरपरी के नगला माधौनगर में प्रजापति परिवार के मकान में आग लगाने का मामला गर्माता जा रहा है। पुलिस मकान में आग लगाने के एक आरोपी को जेल भी भेज चुकी है। अब पीड़ित परिवार से मिलने के लिए राजनीतिक दलों के लोग गांव पहुंचने लगे हैं। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार के निर्देश पर बृहस्पतिवार को एक प्रतिनिधि मंडल मैनपुरी पहुंचा।
कांग्रेस कार्यालय से प्रदेश महासचिव अनिल यादव, प्रदेश सचिव कनिष्क पांडेय, नूर मोहम्मद, जिलाध्यक्ष विनीता शाक्य, पूर्व जिलाध्यक्ष संकोच गौड़, शहर अध्यक्ष धीरज श्रीवास्तव माधौनगर के लिए चले तो पुलिस ने रेलवे गेट पुलिस चौकी के पास रोक लिया। हॉटस्पॉट एरिया होने की बात कहते हुए सीओ सिटी ने उन्हें आगे नहीं बढ़ने दिया।
सीओ ने परिवार के सदस्यों को रेलवे गेट चौकी पर बुला लिया। इसके बाद कांग्रेस नेताओं ने पीड़ित परिवार से मिलकर पूरी घटना की जानकारी ली। सीओ सिटी अभय नरायन राय से मिलकर पीड़ितों द्वारा बताए जा रहे अन्य आरोपियों की पहचान करके उनके खिलाफ कार्रवाई कराए जाने की मांग की।
नेताओं को रास्ते से लौटाया
माधौनगर में पीड़ित परिवार से मिलने आए प्रजापति भागीदारी समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रेमचंद्र प्रजापति, राष्ट्रीय महासचिव महेशचंद्र प्रजापति को एसडीएम रजनीकांत, सीओ, इंस्पेक्टर कोतवाली भानूप्रताप सिंह ने खरपरी रजबहा पर ही रोक लिया। परिवार के लोगों को गांव के बाहर ही बुलवाकर मुलाकात कराई।
भांवत चौराहे पर लगाए गए बैरियर
माधौनगर जाने के लिए राजनीतिक दलों के नेताओं के आने की सूचना मिलते ही पुलिस ने भांवत चौराहे पर चारों और बैरियर लगा दिए। गांव के पास ही बंबा पर बैरियर लगाया गया। साथ ही गांव में और पीड़ित के घर के आसपास पुलिस फोर्स तैनात किया गया। कांग्रेस कार्यालय पर भी पुलिस फोर्स की तैनाती रही।
यह है मामला
माधौनगर खरपरी निवासी रामबहादुर प्रजापति के मकान में 17 जून की रात आग लगा दी गई थी। आग की चपेट में आकर रामबहादुर, पत्नी सरला देवी, पुत्री रौली, शिखा व दो साल का नाती ऋषि गंभीर रूप से झुलस गए थे। ऋषि की मौके पर ही मौत हो गई थी। रामबहादुर और सरला ने सैफई मेडिकल कॉलेज में दम तोड़ दिया। रौली और शिखा का सैफई में उपचार चल रहा है। आग लगाने के आरोपी मुरारी कश्यप को जेल भेज चुकी है। परिवार के लोग गांव के ही अन्य लोगों पर भी आग लगाने का आरोप लगा रहे हैं।
माधौनगर क्षेत्र हॉटस्पॉट में शामिल है। इलाके में भीड़भाड़ एकत्रित न हो इसलिए मिलने आने वालों को रोका गया था। पीड़ित परिवार से सभी की मुलाकात कराई गई है।
- अभय नरायण राय, सीओ सिटी।