कासगंज। अलीगढ़ मंडल की कमिश्नर चैत्रा बी एवं पुलिस महानिरीक्षक अलीगढ़ परिक्षेत्र शलभ माथुर ने जिलाधिकारी सुधा वर्मा, पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक व अन्य अधिकारियों के साथ कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक की। कमिश्नर चैत्रा बी ने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव कराने की है। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग के द्वारा दिए गए दिशा-निर्देशों को कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करें। अधिकारी निष्पक्षता, सतर्कता और टीम भावना के साथ कार्य करें। निर्वाचन समय में कोई मतदाता मताधिकार से वंचित न रहने पाए। स्वीप एक्टिविटीज को बढ़ाकर मतदाताओं को वोट डालने के लिये निरंतर जागरूक किया जाए, जिससे मतदान प्रतिशत बढ़ सके।
पुलिस महानिरीक्षक शलभ माथुर ने कहा कि पुलिस प्रशासन की जिम्मेदारी है कि अपराध मुक्त वातावरण तैयार कर मतदाताओं को अहसास दिलाएं कि वह निर्भीक होकर बिना किसी दवाव के अपने पसंद के उम्मीदवार के पक्ष में मतदान करें। एसडीएम एवं सीओ अपने अपने क्षेत्र में क्रिटिकलिटी को स्वयं चैक करें। बुर्कानशीन मतदाताओं की पहचान के लिये पोलिंग बूथ पर महिला कार्मिक उपस्थित रहें। सोशल मीडिया पर पैनी नजर रखी जाए। अफवाहों को न फैलने दें। बैठक में अपर आयुक्त अलीगढ़ भगवान शरण, मुख्य विकास अधिकारी सचिन, अपर जिलाधिकारी राकेश कुमार पटेल, एसडीएम सदर संजीव सक्सेना, एसडीएम सहावर कोमल पंवार, एसडीएम पटियाली कुलदीप सिंह, सीओ सदर अजीत चौहान, सीओ पटियाली विजय राणा, सीओ सहावर शाहिदा नसरीन व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।