कासगंज। सात मई मंगलवार को जिले में एटा लोकसभा क्षेत्र के लिए मतदान होना है। इसके लिए रविवार को पुलिस लाइन के मैदान में सुरक्षाबल एवं फोर्स की ब्रीफिंग की गई। इस ब्रीफिंग में मंडलायुक्त चैत्रा बी, आईजी शलभ माथुर, डीएम सुधा वर्मा, एसपी अपर्णा रजत कौशिक सहित जिले के अन्य प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने हिस्सा लिया और फोर्स को उनके दायित्वों और कर्तव्यों का बोध कराया।
कमिश्नर चैत्रा बी ने कहा कि गर्मी का मौसम है। सभी सुरक्षाकर्मी अपने आप को डिहाईड्रेशन से बचाकर रखें। खूब पानी पीएं अपने साथ पानी लेकर चलें। कहा कि प्रशासन और पुलिस की प्राथमिकता लोकसभा चुनाव को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने की है। सभी मतदाता अपने मत का प्रयोग निर्भीक होकर कर सकें। यह सुरक्षाबलों और सुरक्षाकर्मियों को सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि मतदाताओं के साथ अपना व्यवहार संयत रखें और निर्देशों के अनुरूप अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करें।
आईजी शलभ माथुर ने कहा कि हर बूथ पर पर्याप्त सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं। सभी सुरक्षाकर्मी अनुशासन के साथ अपने कर्तव्यों और दायित्वों का निर्वहन करें। बूथ पर सुरक्षा सुनिश्चित रहे। पोलिंग पार्टी की रवानगी से मतदान के बाद पोलिंग पार्टी की वापसी तक किसी तरह की सुरक्षा में चूक न रहे। डीएम सुधा वर्मा ने भी सुरक्षाबल का मनोबल बढ़ाया। उन्होंने कहा कि वह बूथ पर पूरी सजगता बनाकर रखें। ताकि किसी तरह की अप्रिय स्थिति पैदा न हो सके। शांतिपूर्वक मतदान कराना प्राथमिकता है। एसपी अपर्णा रजत कौशिक ने कहा कि पूरी सजगता के साथ ड्यूटी पर तैनात कर्मी अपना कार्य करें और इस बात का ध्यान रखें कि शांतिपूर्वक मतदान संपन्न हो सके यही प्राथमिकता है। ब्रीफिंग के दौरान एसपी राजेश भारती ने फोर्स की रवानगी, वापसी आदि के संबंध में बिंदुवार दायित्वों और कर्तव्यों का बोध कराया। ब्रीफिंग के दौरान सामान्य प्रेक्षक ललित कुमार दाहिता, व्यय प्रेक्षक राम सिंह गुर्जर एवं पुलिस प्रेक्षक योगेश दाधीच, एसडीएम सदर संजीव कुमार, एसडीएम पटियाली कुलदीप, एसडीएम सहावर कोमल पंवार, एसडीएम योगिता सिंह, सीओ सिटी अजीत चौहान, सीओ सहावर शाहिदा नसरीन, सीओ पटियाली विजय राणा सहित आदि मौजूद रहे।