मैनपुरी। सर्दी का सितम जिले में पूरी तरह से नजर आने लगा है। बच्चों और बुजुर्गों के साथ अब तो किशोर और किशोरियां भी सर्दी की चपेट में आने लगे हैं। शुक्रवार को जिले में संचालित नवोदय विद्यालय और क्रिश्चियन कॉलेज की दो छात्राओं की सर्दी के चलते हालत बिगड़ गई। दोनों को विद्यालय प्रशासन को अस्पताल लाना पड़ा।
एक को उपचार के बाद स्कूल भेज दिया गया जबकि दूसरी छात्रा देर शाम तक अस्पताल में ही भर्ती थी। औंछा क्षेत्र निवासी एक वृद्ध की हार्ट अटैक से मौत हो गई।
पिछले एक पखवाड़े से जिले में सर्दी का प्रकोप नजर आ रहा है। बच्चे और बुजुर्गों की निमोनिया व अन्य बीमारियों से मौत हो रही है। शुक्रवार को तो स्कूली छात्राएं भी सर्दी से परेशान रहीं। शहर के क्रिश्चियन कॉलेज की एनसीसी छात्रा छवि की अचानक हालत बिगड़ गई। विद्यालय के प्रधानाचार्य और शिक्षकों ने परिजन को जानकारी दी और छात्रा को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। देर शाम तक वह जिला अस्पताल में उपचार ले रही थी। जवाहर नवोदय विद्यालय भोगांव की 17 वर्षीय छात्रा छवि को अचानक सांस लेने में दिक्कत हुई। उसे विद्यालय प्रशासन ने जिला अस्पताल भेजा। यहां कुछ समय के उपचार के बाद छात्रा को वापस स्कूल भेज दिया गया। प्राचार्य डाॅ. राजेश कुमार ने बताया कि छात्रा को कुछ दिक्कत महसूस हो रही थी तो जांच के लिए जिला अस्पताल भेजा गया था।
छात्रा ठीक है और हॉस्टल में वापस आ गई है। क्रिश्चियन कॉलेज के प्रधानाचार्य संजोग मल्ल ने बताया कि छात्रा की अचानक कक्षा कक्ष में हालत बिगड़ने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। परिजन को जानकारी दी गई है। औंछा थाना क्षेत्र के गांव अचलपुर निवासी रमेश चंद्र (72) को बृहस्पतिवार की देर शाम हार्ट अटैक पड़ा। परिजन उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। संवाद