प्रधानमंत्री आवास का कार्य दो दिन में कराएं पूर्ण
-परियोजना निदेशक ने सचिवों के साथ बैठक में दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण शासन की प्राथमिकता में शामिल है। मंगलवार को परियोजना निदेशक जिला ग्राम्य विकास अभिकरण सतेंद्र सिंह ने विकास भवन में सचिवों के साथ आवास निर्माण की समीक्षा की। उन्होंने दो दिन में अधूरे आवास पूर्ण कराए जाने के निर्देश दिए हैं।
प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण की समीक्षा के दौरान पता चला कि जिले में नौ सौ के करीब आवास अभी अधूरे हैं। इसके चलते सीएम डैशबोर्ड रैंकिंग में भी मैनपुरी की रैंक खराब हो रही है। परियोजना निदेशक ने मंगलवार को विकास भवन के सभागार में आयोजित बैठक में सचिवों को दो दिन में अधूरे आवास पूर्ण कराने के निर्देश दिए। इसके लिए सभी सचिवों को स्वयं मौके पर जाकर निरीक्षण करने के लिए कहा। उन्होंने आवासों का कार्य पूरा न होने पर कार्रवाई किए जाने की चेतावनी भी दी है।