संपूर्ण समाधान दिवस में 90 फीसदी जन शिकायतों का मौके पर निस्तारण नहीं हो पा रहा। शनिवार को कुल 99 शिकायतें आईं। इनमें से 93 का समाधान नहीं हो सका। सबसे ज्यादा 28 शिकायतें अवैध कब्जों की आईं। एसडीएम लक्ष्मी एन ने छह शिकायतों के निस्तारण का दावा किया। संपूर्ण समाधान दिवस सदर तहसील के प्रभारी अधिकारी एडीएम सिटी अंजनी कुमार सिंह ने बताया कि पुरानी शिकायतों की निस्तारण आख्याओं की जांच कराई जा रही है। अधिक ब्याज वसूली मामले में लीड बैंक प्रबंधक, पेट्रोल पंप घटतौली मामले में डीएसओ और नाले पर कब्जे के मामले में तहसीलदार सात दिन में वस्तुस्थिति से अवगत कराएंगे। कार्रवाई में लापरवाही मिलने पर जांच अधिकारी स्वयं जिम्मेदार होंगे। उनकी रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेजी जाएगी।
राशन की दुकान पर कार्ड की शिकायत
एडीएम के समक्ष किशोरपुरा गली नंबर-13 निवासी दिव्यांग रविंद्र सिंह ने क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी पर परेशान करने की नीयत चार किमी दूर राशन की दुकान पर कार्ड का आवंटन करने का आरोप लगाया। ग्राम लकावली निवासी श्रीपति लाल ने शिकायत दर्ज कराई कि तहसील टीम ने बसई मुस्तकिल में बिल्डर को फायदा पहुंचाने के लिए गलत तरीके से पैमाइश की। ग्राम पंचायत बगदा की प्रधान सुषमा देवी ने बिल्डर की ओर से ग्राम सभा की जमीन पर कब्जे की शिकायत दर्ज कराई है। शनिवार को 99 शिकायतें आईं। सबसे ज्यादा 28 शिकायतें अवैध कब्जे, जमीन की पैमाइश व राजस्व विभाग से संबंधित थीं। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट लक्ष्मी एन ने दावा किया कि दो अस्थायी राशन कार्ड, दो प्रमाणपत्र बनवाने, एक यूनिट बढ़ाने व एक अन्य शिकायत का निस्तारण हुआ है।
आगरा: समाधान दिवस में आईं शिकायतें
- फोटो : अमर उजाला
केस-1
19 महीने में नहीं हुई कार्रवाई
नगला परमाल निवासी रामवीर सिंह ने चार फरवरी, 2020 को जगनेर रोड पर बने नालों को अतिक्रमण कर बंद करने की शिकायत मुख्यमंत्री पोर्टल पर दर्ज कराई थी। 19 महीने बाद भी कार्रवाई नहीं हुई। जिम्मेदार जांच को नहीं पहुंचे। शनिवार को फिर नाले से कब्जा हटवाने की गुहार लगाई है।
केस-2
15 दिन में जांच शुरू नहीं
शहीद नगर निवासी जावेद ने 20 नवंबर को तहसील दिवस में पेट्रोल पंप की घटतौली की शिकायत दर्ज कराई थी। 200 रुपये का पेट्रोल भराया था। टंकी में 90 रुपये का गिरा। पंप की सेल रिपोर्ट से खुलासा हुआ। डीएसओ को एडीएम सिटी ने जांच के आदेश दिए थे। 15 दिन बाद भी जांच शुरू नहीं हुई है।
केस-3
तीन महीने से काट रहा चक्कर
बिचपुरी निवासी देंवेद्र कुमार ने कृषि उद्यमी स्वावलंबन योजना से 3.50 लाख रुपये का कर्ज लिया था। तब 9.95 से 10.85 प्रतिशत का वार्षिक ब्याज तय हुआ था। अब बैंक 11.85 प्रतिशत का ब्याज वसूल रहा है। रिकवरी सर्टिफिकेट (आरसी) जारी करने की धमकी दे रहे हैं। बोले कि तीन महीने से चक्कर काट रहा हूं, सुनवाई नहीं हो रही।
लेखपाल मांग रहा रिश्वत
वारिसान प्रमाणपत्र के लिए तीन महीने से चक्कर काट रही हूं। क्षेत्रीय लेखपाल रिश्वत मांग रहा है। वारिसान प्रमाणपत्र नहीं बनाया। कार्रवाई होनी चाहिए। -शालिनी अग्रवाल, अलबतिया
खेल मैदान पर कब्जा
सचिवालय व खेल मैदान की सरकारी जमीन पर कब्जे हो गए हैं। कुछ लोग सरकारी जमीन को जोत कर फसल कर रहे हैं। जमीन खाली कराई जाए। -नरेंद्र कुमार, बरौली गूजर
रास्ते में भरा गंदा पानी
सरकारी रास्ते की जमीन पर अवैध कब्जा हो गया है। रास्ते में गंदा पानी भर जाता है। मैं बीमार हूं। गंदे पानी में होकर गुजरना पड़ता है। रास्ते से कब्जा हटाया जाए। -होरीलाल, महुआ खेड़ा
विवादित मामलों का नहीं हो पाता निस्तारण
जन शिकायतों का 95 प्रतिशत निस्तारण हो रहा है। जिनमें जांच की आवश्यकता है उनकी जांच कराई जाती है। विवादित मामलों का निस्तारण न्यायालय की ओर से किया जाना संभव है। सामान्य शिकायतों का मौके पर ही निदान होता है। -लक्ष्मी एन, एसडीएम सदर तहसील
इन विभागों की आईं शिकायतें
- राजस्व विभाग- 28
- पुलिस विभाग- 20
- नगर निगम- 09
- विकास खंड- 06
- खाद्य आपूर्ति- 06
- बिजली विभाग- 04
- आवास विकास- 05
- जल निगम- 03
- शिक्षा विभाग- 02
- विकास प्राधिकरण-02
- अन्य विभागों की - 14
संबंधित खबर...
आगरा: 200 रुपये का पेट्रोल भरवाया.. टंकी में पहुंचा सिर्फ 90 रुपये का, युवक ने ऐसे पकड़ी घटतौली