खेरागढ़ तहसील संपूर्ण समाधान दिवस में शिकायतें सुनते हुए सीडीओ प्रतिभा सिंह एवं एसडीएम ऋषि राव
खेरागढ़। दिसंबर महीने के प्रथम शनिवार को तहसील सभागार में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया।जिलाधिकारी के समाधान दिवस में पहुंचने की सूचना पर तमाम ग्रामीण शिकायतें लेकर पहुंचे, परंतु डीएम के नहीं पहुंचने पर सीडीओ प्रतिभा सिंह ने फरियादियों की शिकायतें सुन संबंधित विभागीय अधिकारियों को निस्तारण के निर्देश दिए।
संदीप गर्ग एवं राघवेंद्र तोमर ने कस्बा के समीप उटंगन नदी में रातों रात लगा दी गई दीवार की शिकायत की। उन्होंने कहा कि इससे कस्बा में जलभराव की स्थिति उत्पन्न होगी,जनहित में अवैध दीवार को हटा कर नदी क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराए जाने की मांग की। बकालपुर की मंजू देवी ने गली में सफाई नहीं होने की शिकायत की, किसान रघुवीर सिंह ने बाजरा खरीद केंद्र पर विपणन अधिकारी के टोकन देने के बाद भी बाजरा नहीं तोले जाने की शिकायत की है। इस दौरान कुल 81 शिकायतें आईं 12 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कराया गया। इस दौरान एसडीएम ऋषि राव,सहित समस्त विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।