मैनपुरी। माध्यमिक शिक्षा परिषद ने हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट कंपार्टमेंट एवं इंप्रूवमेंट परीक्षा की तिथि निर्धारित कर दी है। 22 जुलाई को राजकीय इंटर कॉलेज मैनपुरी पर दो पालियों में परीक्षा का आयोजन होगा। प्रथम पाली में हाईस्कूल और द्वितीय पाली में इंटरमीडिएट की परीक्षा आयोजित होगी। जिला विद्यालय निरीक्षक ने परीक्षा को लेकर राजकीय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य को कड़े निर्देश जारी किए हैं।
जिला विद्यालय निरीक्षक सुधीर कुमार ने बताया कि 22 जुलाई को आयोजित होने जा रही हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट कंपार्टमेंट परीक्षा में हाईस्कूल के 226 और इंटरमीडिएट के 57 परीक्षार्थी शामिल होने जा रहे हैं। परीक्षा के लिए जिले में राजकीय इंटर कॉलेज मैनपुरी को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। केंद्र व्यवस्थापक राजकीय इंटर कॉलेज मैनपुरी के प्रधानाचार्य सुरेश चंद्र राजपूत को परीक्षा की तैयारियों के लिए कड़े निर्देश दिए गए हैं। केंद्र व्यवस्थापक से कहा गया है कि वे परीक्षा से पहले ही परीक्षा केंद्र पर सीसीटीव कैमरे और नेट आदि की व्यवस्थाओं की जांच कर लें। परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी नहीं आनी चाहिए।
सह जिला विद्यालय निरीक्षक रघुराज सिंह पाल ने बताया कि परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी। प्रथम पाली में सुबह आठ बजे से सवा 11 बजे तक हाईस्कूल और द्वितीय पाली में दोपहर दो बजे से शाम सवा पांच बजे तक इंटरमीडिएट की परीक्षा आयोजित होगी।
कार्यालय से प्राप्त करें प्रवेश पत्र
कंपार्टमेंट और इंप्रूवमेंट परीक्षा के लिए प्रवेश पत्र प्राप्त हो चुकी हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक ने जिले के सभी कॉलेजों के प्रधानाचार्यों को निर्देश दिए हैं कि वे उनके कार्यालय से प्रवेश पत्र प्राप्त कर लें। परीक्षार्थियों के प्रवेश पत्र कॉलेज द्वारा माध्यमिक शिक्षा परिषद की वेबसाइट से ऑनलाइन भी अपलोड किए जा सकेंगे।
25 और 26 को होंगी प्रयोगात्मक परीक्षाएं
कंपार्टमेंट और इंप्रूवमेंट परीक्षा के में शामिल होने वाले इंटरमीडिएट के परीक्षार्थियों की प्रयोगात्मक परीक्षाएं 25 और 26 जुलाई को राजकीय इंटर कॉलेज में आयोजत होंगी। जिला विद्यालय निरीक्षक ने कहा कि परिषद ने इसके लिए परीक्षकों की तैनाती कर दी गई।