आगरा के गांव सैमरा में आगजनी और तोड़फोड़ की घटना में भाजपा खंदौली मंडल के उपाध्यक्ष रघु शर्मा की गिरफ्तारी के बाद तनाव बढ़ गया है। दोनों पक्ष पुलिस पर एक-दूसरे की गिरफ्तारी का दबाव बने रहे हैं। इसे देखते हुए आरएएफ भी तैनात कर दी गई है। पुलिस और पीएसी पहले से तैनात है।
थाना खंदौली के गांव सैमरा में नौवीं की छात्रा का 17 सितंबर को अपहरण हुआ था। इसमें इसी दिन दूसरे समुदाय का 11 वीं का छात्र गिरफ्तार किया गया। इसी समुदाय के लोगों की दुकानों में तोड़फोड़ और आगजनी की गई। इसके आरोपियों में से पुलिस ने रघु शर्मा को गिरफ्तार कर लिया।
अब छात्रा पक्ष के लोग पुलिस पर एकतरफा कार्रवाई का आरोप लगा रहे हैं। उनका कहना है कि छात्रा के अपहरण में दो युवक फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी नहीं की जा रही है। वे धमकी दे रहे हैं। उधर, दूसरे पक्ष केलोगों का कहना है कि पुलिस ने केस 250 अज्ञात के खिलाफ लिखा है जबकि गिरफ्तारी सिर्फ एक की है। इस पक्ष के अबरार और सलीम ने पुलिस को तहरीर दे दी है। इसमें 17 लोगों के नाम हैं। इसी से तनाव बढ़ा है।