मैनपुरी में थाना भोगांव क्षेत्र के एक मोहल्ला से गैर संप्रदाय का युवक एक युवती को लेकर कहीं चला गया। घटना को लेकर हिंदूवादी संगठनों में आक्रोश है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद से तनाव की स्थिति बनी हुई है।
बताया गया है कि थाना भोगांव क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी व्यक्ति की भांजी बचपन से ही उसके साथ रह रही है। वह नगर स्थित एक महाविद्यालय की छात्रा है। मंगलवार को दूसरे मोहल्ले का युवक उसको ले कर कहीं चला गया।
थाना प्रभारी निरीक्षक शशिकांत शर्मा ने बताया कि आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है। जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं गैर संप्रदाय के युवक द्वारा युवती को भगा ले जाने के मामले को लेकर हिंदूवादी संगठनों ने युवती की शीघ्र बरामदगी न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
बुधवार को मोहल्ला प्रेमचिरैया निवासी भाजपा के महामंत्री गौरव शाक्य के आवास पर बैठक हुई। बैठक में बजरंग दल के जिला संयोजक सुशील यादव ने कहा कि इस तरह की घटनाएं बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। इस दौरान गौतम कठेरिया, सोनेलाल, पंकज शर्मा, अरुण कुमार, अभय कुमार, प्रीतम, सुधीर यादव संजय शर्मा आदि रहे।