इंजेक्शन के लिए रुपये लेने के मामले की जांच करेगी कमेटी
-सीएमएस ने दो डॉक्टरों को सौंपी जांच, सौ शैया अस्पताल का है मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। सौ शैया अस्पताल में इंजेक्शन के नाम पर 300 रुपये लेने के मामले में जांच शुरू हो गई है। सीएमएस डॉ. शिव कुमार उपाध्याय ने दो डॉक्टरों की कमेटी गठित की है। जांच कमेटी को जांच कर अपनी रिपोर्ट सीएमएस को देनी होगी।
शुक्रवार को सौ शैया अस्पताल में पहुंची एलाऊ क्षेत्र के गांव शिवसिंहपुर निवासी मोनिका से इंजेक्शन के नाम पर 300 रुपये लिए गए थे। मामले को अमर उजाला ने प्रमुखता से प्रकाशित किया था। सीएमएस डॉ. शिवकुमार उपाध्याय ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कमेटी का गठन कर जांच कराने का निर्णय लिया। शनिवार को सीएमएस ने जांच के लिए पत्र जारी कर दिया। सौ शैया अस्पताल में तैनात डॉ. अरुण कुमार और डॉ. निशिता यादव को जांच कमेटी में शामिल किया गया है। निर्देश दिए गए हैं कि जल्द जांच कर रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए।
महिला की तलाश में जुटा अस्पताल प्रशासन
दूसरी तरफ महिला की भी सीएमएस ने तलाश शुरू करा दी है। जल्द ही महिला को बुलाया जाएगा और पूरे मामले की जांच कराई जाएगी। सीएमएस ने यदि शिकायत सही पाई जाती है तो महिला के रुपये वापस कराए जाएंगे।
अल्ट्रासाउंड के नाम पर रुपये के मामले में सीएमएस ने महिला को बुलाया
शनिवार को सौ शैया अस्पताल में एक महिला से अल्ट्रासाउंड के नाम पर 200 रुपये लिए जाने की बात सामने आई। अस्पताल में अल्ट्रासाउंड कराने पहुंची छपट्टी निवासी महिला ने कहा कि उससे एक व्यक्ति ने 200 रुपये अल्ट्रासाउंड के नाम पर लिए हैं। इसकी जानकारी अल्ट्रासाउंड रूम के स्टाफ ने सीएमएस को दी। सीएमएस ने महिला को अपने सामने बुलाया तो महिला आरोपों से पलट गई।
खुफिया विभाग ने लिया मामले का संज्ञान
इंजेक्शन के नाम पर रुपये मांगने के मामले की जांच खुफिया विभाग ने भी शुरू कर दी है। शनिवार को सौ शैया अस्पताल पहुंचे खुफिया एजेंसियों के सदस्यों ने सीएमएस से मामले की जानकारी ली। वहीं अस्पताल के कर्मचारियों से भी बात की।