फिरोजाबाद-मैनपुरी के अधिशासी अभियंता से स्पष्टीकरण मांगें
मंडलायुक्त ने नहरों की सिल्ट सफाई और पानी छोड़ने में लापरवाही बरतने पर फिरोजाबाद और मैनपुरी सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंताओं से स्पष्टीकरण लेने के निर्देश संबंधित जिलाधिकारियों को दिए हैं। मथुरा में कार्यों की प्रगति से मंडलायुक्त संतुष्ट नहीं हुए।
उन्होंने जल निगम मुख्य अभियंता से रिपोर्ट मांगी है। डीएम आगरा को सिविल एन्कलेव के अधूरे कार्यों को पूर्ण कराने के निर्देश दिए हैं। बैठक में फिरोजाबाद के डीएम विजय चंद्र, मैनपुरी से महेंद्र बहादुर आदि मौजूद रहे।
पानी-सीवर की शिकायतों पर अफसरों को फटकार
आगरा में पेयजल समस्या, पाइपलाइन लीकेज, सीवर उफान और बेतरतीब सड़कों की खुदाई को लेकर बैठक में मंडलायुक्त ने सख्त नाराजगी व्यक्त की। प्राथमिकता पर सभी शिकायतों के निस्तारण के निर्देश दिए।
जीवनी मंडी जल संस्थान में गंगाजल प्रोजेक्ट के तहत जल शोधन संयंत्र के जीर्णोद्धार कार्य में हो रही देरी को लेकर भी मंडलायुक्त गंगाजल व जल निगम अधिकारियों को फटकार लगाई। कार्यों में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि अमृत योजना के तहत हो रहे सीवर, पेयजल और पार्कों के सुंदरीकरण में गुणवत्ता उत्तम होनी चाहिए।