घरेलू सिलिंडर पर कीमत बढ़ने के बाद व्यावसायिक सिलिंडर भी 254 रुपये महंगा हो गया है। दो महीने में 19 किलो के सिलिंडर पर 351 रुपये की बढ़ोत्तरी हुई है। नई कीमत शुक्रवार से लागू हो गई हैं। पेट्रोल-डीजल, सीएनजी-पीएनजी, घरेलू सिलिंडर के बाद व्यावसायिक सिलिंडर पर दाम बढ़ने से लोगों पर महंगाई की मार बढ़ गई है।
आल इंडेन गैस डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोएिशन आगरा संभाग के अध्यक्ष विपुल पुरोहित ने बताया कि 19 किलो के व्यावसायिक सिलिंडर की कीमत अब 2295.50 रुपये हो गई है। एक फरवरी को इसकी कीमत 1944.50 रुपये थी। एक मार्च में इसकी कीमत 105 रुपये बढ़ी और 22 मार्च को आठ रुपये की कटौती हुई और घरेलू सिलिंडर 50 रुपये महंगा हुआ था। एक अप्रैल को व्यावसायिक सिलिंडर फिर महंगा हुआ और इसके दाम 254 रुपये बढ़ गए।
गैस और पेट्रोलियम के दाम
व्यावसायिक सिलिंडर: 2295.50 रुपये
घरेलू सिलिंडर: 962.50 रुपये
सीएनजी: 83.53 रुपये किग्रा
पीएनजी: 45.00 रुपये
पेट्रोल: 101.40 रुपये
डीजल: 92.95 रुपये