कासगंज। अलीगढ़ के कमिश्नर जीएस प्रियदर्शी ने शुक्रवार को कलक्ट्रेट में समीक्षा बैठक की। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी से बचाव और जागरूकता में कोई कमी नहीं रहनी चाहिए। कोरोना के संदिग्ध मरीजों को चिन्हित करके प्रोटोकॉल के अनुसार जांच करवाएं। इलाज में भी कोई लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
बैठक में डीएम सीपी सिंह ने कमिश्नर को कोरोना बचाव और तैयारियों के संबंध में किए गए कार्यों का विस्तार से ब्योरा दिया। इसके बाद कमिश्नर ने कहा कि कोरोना अस्पताल और क्वारंटीन सेंटर में संदिग्धों और कोरोना संक्रमितों के खान पान का पूरा ध्यान रखा जाए। मरीजों को मच्छर से बचाव के लिए मच्छरदानी दी जाए।
उन्होंने कहा कि जो प्रवासी पहुंचे हैं उन्हें मनरेगा के कार्यों में लगाकर रोजगार उपलब्ध कराएं। साथ ही जिले के निर्माणकार्यों और विकासकार्यों को तेजी से पूरा करें। डीएफओ दिवाकर वशिष्ठ ने भागीरथी वन की पूरी जानकारी दी। डीएफओ दिवाकर वशिष्ठ ने भागीरथी वन की पूरी जानकारी दी। इस दौरान एसपी सुशील घुले, एडीएम एके श्रीवास्तव, सीएमाओ डा. प्रतिमा श्रीवास्तव, बीएसए अंजली अग्रवाल, डीपीआरओ शहनाज अंसारी सहित विभिन्न विभागों के अफसर मौजूद रहे।