टैक्सॉस, अमेरिका की नेत्र रोग विशेषज्ञ डा. कैथरीन कैमिल भारत भ्रमण पर आई हुई हैं। शुक्रवार को वे दिल्ली से टूर गाइड हरेंद्र के साथ इनोवा कार से ताजमहल देखने आगरा आई थीं। उनके गाइड ने बताया कि ताज बंद होने के कारण वे दोपहर तकरीबन तीन बजे फतेहाबाद रोड स्थित एक रेस्टोरेंट में लंच करने रुके थे। कुछ देर बाद लौटे तो कार का शीशा टूटा हुआ था। पिछली सीट पर रखे कैथरीन और हरेंद्र के बैग गायब थे। गाड़ी ड्राइवर सुरजीत ने इसकी सूचना पुलिस को दी। डाक्टर के बैग में सोने व प्लेटिनम की लाखों की ज्वैलरी और अमेरिकी डॉलर रखे थेे, जबकि गाइड के बैग में भी कुछ नगदी व कागजात थे। सूचना पर एसपी सिटी समीर सौरभ व सीओ सदर असीम चौधरी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने कैथरीन से पूछताछ की। सीओ सदर ने बताया कि घटना के संबंध में पर्यटन थाने में रिपोर्ट लिखाई गई है।
ब्राजील के व्यापारी का बैग का उड़ाया
आगरा। ट्रांसपोर्ट नगर में एक जूता फैक्ट्री में आए ब्राजील के व्यापारी की इनोवा गाड़ी से टप्पेबाज गैंग ने चालक को चकमा देकर बैग उड़ा दिया। बैग में लेपटाप, कैमरा, वीजा और आठ सौ डॉलर थे। पुलिस ने बताया कि ब्राजील का व्यापारी एमलेन्डो फिलोरिस्ट दिल्ली से ट्रांसपोर्ट नगर स्थित ओवरसीज शू फैक्ट्री में आए थे। शुक्रवार की शाम को वे फैक्ट्री में गए। ड्राइवर गाड़ी में बैठा था। तभी एक युवक ने बताया कि गाड़ी के इंजन से तेल टपक रहा है। ड्राइवर ने गाड़ी से उतरकर देखा। इसी दौरान पिछली सीट पर रखा बैग उड़ा दिया गया। ड्राइवर ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। इंस्पेक्टर हरीपर्वत ने बताया कि ड्राइवर ने रिपोर्ट लिखाई है।