कुसमरा (मैनपुरी)। जिले में निकाय चुनाव की सरगर्मी जोरों पर हैं। बिना रुके और थके प्रत्याशी जनसंपर्क में जुटे हैं तो वहीं उनके सिपहसालार वोट बढ़ाने के लिए नए जुगाड़ सोच रहे हैं। इसी के चलते अब प्रत्याशी गैर जिले और प्रदेश में नौकरी करने वाले मतदाताओं को बुलावा भेज रहे हैं। वे इसके लिए उनके आने जाने से लेकर जेब खर्च तक उठाने को तैयार हैं। प्रथम चरण में ही जिले दस नगर निकायों के लिए चार मई को मतदान होना है। ऐेसे में प्रत्याशियों के पास भी अब कम समय बचा है। इसके चलते जनसंपर्क के साथ ही प्रत्याशी और उनके समर्थक वोट बढ़ाने के लिए पूरी ताकत झोंक रहे हैं। इसी के तहत अब बाहर नौकरी करने वाले मतदाताओं को बुलाने मेें प्रत्याशी जुट गए हैं।
दरअसल मैनपुरी में कृषि के अलावा कोई रोजगार का साधन नहीं है। उद्योगों में पिछड़ा होने के कारण मजदूर वर्ग के साथ ही अन्य शिक्षित युवा भी नौकरी के लिए दिल्ली, राजस्थान, गुजरात और उत्तराखंड का रुख करते हैं। हर निकाय क्षेत्र से सैकड़ों मतदाता नौकरी के लिए बाहर हैं। ऐसे में उनका वोट पाने के लिए प्रत्याशी उनसे संपर्क कर रहे हैं।
अब सवाल ये है कि कोई अपना काम छोड़कर क्यों आएगा। इसके लिए प्रत्याशी उन्हें आने-जाने का खर्च देने के साथ ही उनका पूरा ख्याल रखने का आश्वासन भी दे रहे हैं। बाहर नौकरी करने वाले मतदाता इस ऑफर को स्वीकार भी कर रहे हैं। दरअसल उनका मानना है कि वे इसी बहाने बिना खर्च के अपने घर भी हो आएंगे। इसी कारण प्रत्याशियों ने कुछ समर्थकों को केवल इसी काम में लगा रखा है। संपर्क के बाद कुछ मतदाता जहां अपने घर लौटने लगे हैं तो कुछ दो या तीन मई को पहुंचने का आश्वासन दे रहे हैं। संवाद
अपने-पराए की बना रहे हैं सूची
प्रत्याशी बाहर नौकरी करने वालों को बुलाने से पहले अपने-परायों की भी सूची बना रहे हैं। दरअसल सभी प्रत्याशियों के पास मतदाता सूची उपलब्ध है। ऐसे में वे देखते हैं कि कौन से मतदाता उनके पक्ष में मतदान कर सकते हैं। केवल उन्हीं मतदाताओं से वे संपर्क साध रहे हैं। क्योंकि विरोधी मतदाताओं को बुलाना उनके लिए ही नुकसानदेह साबित होगा।
केस: एक
-कुसमरा के कटरा मोहल्ला निवासी अवनीश कुमार दिल्ली में प्राइवेट नौकरी करते हैं। परिवार भी उनके साथ ही रहता है। ऐसे में उनके हाथ में पांच वोट हैं। इसी के चलते चुनाव लड़ने वाले एक नेताजी ने उनसे संपर्क किया। आने-जाने का खर्च उठाने का भी आश्वासन दिया है।
केस: दो
-नगर के मोहल्ला कस्बा निवासी घनश्याम सिंह अपने परिवार के चार सदस्यों के साथ पंजाब चले गए हैं। वे पंजाब में मजदूरी करके परिवार का भरण पोषण कर रहे हैं। हाल ही में उन्हें भी एक प्रत्याशी के तरफ से घर आने का न्यौता पहुंचा है। खर्च मिलने की बात पर वे आने के लिए राजी भी हैं।