उत्तर प्रदेश लेखिका मंच आगरा ने आगरा क्लब में राधा-कृष्ण पूजन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और फूलों की होली से उत्सव मनाया। कार्यक्रम में सदस्याओं ने रचनात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रेम, सद्भाव और सामाजिक समरसता का संदेश दिया।
रंग, उमंग, सद्भावना और प्रेम का संदेश देते हुए उत्तर प्रदेश लेखिका मंच ने आगरा क्लब में होलिकाउत्सव का भव्य आयोजन किया। कार्यक्रम की शुरुआत राधा-कृष्ण पूजन के साथ हुई।
विज्ञापन
संस्था संरक्षिका प्रीति अस्थाना ने कहा कि होली का त्यौहार रंग, उमंग और सद्भावना, प्रेम भाईचारा एवं उल्लास का पर्व है। लोग आपसी प्रेम और भाईचारे के साथ सामाजिक समरसता से यह त्यौहार मनाते आए हैं। हमारे देश में ब्रज क्षेत्र की होली सबसे प्रसिद्ध है, जहां देश-विदेश से लोग होली खेलने आते हैं। राधा कृष्ण के आध्यात्मिक प्रेम में पूरा ब्रज क्षेत्र रंग जाता है।
समय के साथ बदलती परंपराएं
समय के साथ बहुत सारी परंपराएं बदली हैं फाग जो पहले लोग एक समूह के रूप में गाकर पूरे क्षेत्र में घूमते थे, हर दरवाजे पर फाग का समूह ढोलक मंजीरा के साथ फाग गाता था और गुजिया और पकवानों के साथ रंगों और गुलाल से उनका स्वागत किया जाता था। आज वह परंपराएं धीरे-धीरे लुप्त हो रही हैं। लोगों के पास समय का अभाव है इसलिए व्हाट्सएप पर ही होली के रंग भेज कर एक दूसरे के साथ खुशियां मना लेते हैं। समय के साथ होली के त्यौहार में भी बदलाव आ चुका है।
राधा कृष्ण की पूजा के साथ शुरू हुआ कार्यक्रम
उत्तर प्रदेश लेखिका मंच आगरा के आगरा क्लब में रंगोंत्सव का आयोजन किया गया। संस्था की नवीन कार्यकारिणी में संस्था संरक्षिका प्रीति अस्थाना,अध्यक्ष शिखा श्रीधर, महासचिव राजश्री यादव और कोषाध्यक्ष शशि मल्होत्रा और संस्था की वरिष्ठ सदस्य दलजीत ग्रेवाल, रजनी सिंह, डॉ. रेखा निगम, रेनु राजवीर, गीता शर्मा, ज्योति, ममता गुप्ता, करुणा, सुजाता, कुसुम, मीनाक्षी ने राधा कृष्ण की पूजन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत की।
दिया गया बुरा ना मानो होली टाइटल
मानसी और नम्रता ने सभी सदस्यों को बुरा ना मानो होली के टाइटल प्रदान किए। दो बालकलाकर मानवता और जीवांशी ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में सभी सदस्याओं ने होली के रंगों से सराबोर मनभावन रचनाएं प्रस्तुत कीं। कार्यक्रम के अंत में फूलों की होली खेली गई। संस्था की अध्यक्ष शिखा श्रीधर के द्वारा सभी का धन्यवाद ज्ञापन किया गया।