आगरा के बाह खेड़ा राठौर में बृहस्पतिवार आधी रात को साइकिल ट्रैक पर बाइक सवार जीजा-साले सांड़ से टकरा गए। हादसे में जीजा की मौत हो गई। जबकि साला घायल हो गया।
विज्ञापन
दिहौली (धौलपुर) के डोडीपुरा गांव के भीकम सिंह उदी के लखनपुरा सराय के साढ़ू की बेटी की शादी में शामिल होने के लिए बृहस्पतिवार को आए थे। उनके साथ दिहौली के मरैना गांव के जीजा अशोक कुमार थे। दोनों बृहस्पतिवार रात को वापस लौट रहे थे। रात 12 बजे के करीब खेड़ा राठौर में साइकिल ट्रैक पर सांड़ ने बाइक में टक्कर मार दी, जिससे दोनों घायल हो गए। घायलों को जैतपुर सीएचसी ले जाया गया जहां अशोक कुमार को मृत घोषित कर दिया। खेड़ा राठौर पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर मृतक का शव परिजन के सुपुर्द कर दिया।
एंबुलेंस हो गई खराब, समय पर नहीं मिल सका इलाज
घायल भीकम सिंह ने बताया कि हादसे के बाद कॉल पर एंबुलेंस पहुंची। थोड़ी दूर चलने के बाद ही एंबुलेंस खराब हो गई। ठीक नहीं हुई तो दूसरी एंबुलेंस बुलाई। तब कहीं जाकर अशोक कुमार को इलाज के लिए सीएचसी पर ले पहुंचे। इस दौरान एक घंटे का समय लग गया, एंबुलेंस खराब नहीं होती तो समय पर इलाज मिल सकता था। हादसे के बाद अशोक कुमार की सांसें चल रही थीं।