डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय
- फोटो : अमर उजाला
आगरा के डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत दिए गए स्नातक (बीए, बीएससी व बीकॉम) प्रथम सेमेस्टर के परिणाम में कमियां हैं। कॉलेजों ने आंतरिक परीक्षा के अंक विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर अपलोड करने के बाद सत्यापित नहीं किया, इसकी वजह से अंक स्वीकारे नहीं गए। परिणाम जारी होने के बाद अंकतालिका पर एमडब्ल्यू (मार्क्स वेटिंग) लिखकर आया है। परिणाम लटकने से छात्र-छात्राएं परेशान हैं।
विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा संपन्न होने के 54 दिन बाद परिणाम जारी किया गया। इस अवधि में परीक्षा में शामिल सभी छात्र-छात्राओं के आंतरिक परीक्षा के अंक अपलोड नहीं कराए जा सके। अब परिणाम जारी होने के बाद छात्र-छात्राओं की परेशानी बढ़ गई है।
एबीवीपी ने किया था विरोध प्रदर्शन
सोमवार को एबीवीपी के विरोध प्रदर्शन के बाद विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक की ओर से संबद्ध कॉलेजों के प्राचार्यों व निदेशकों को संबोधित पत्र परीक्षा नियंत्रक की ओर से जारी किया गया। पत्र में कहा गया है कि आंतरिक परीक्षा के अंक ऑनलाइन अपलोड किए जाने के बाद उसे सत्यापित नहीं किए जाने से परीक्षा परिणाम में एमडब्ल्यू प्रदर्शित हो रहा है। कॉलेजों को निर्देश दिया गया कि वह आंतरिक परीक्षा के अंकों को अपलोड कर उसे सत्यापित कर दें, जिससे परीक्षा परिणाम पूर्ण रूप से प्रदर्शित हो।