आगरा। डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय से संबद्ध कॉलेजों में एबीसी (एकेडमिक बैंक ऑफ क्रेडिट) और अपार आईडी को समर्थ पोर्टल से लिंक करने की रफ्तार बेहद सुस्त है। सत्र 2025-26 में छात्रों के शैक्षणिक रिकॉर्ड को डिजिटल रूप से जोड़ने के लिए यह प्रक्रिया अनिवार्य की गई थी, लेकिन महाविद्यालयों की लापरवाही के कारण लक्ष्य अब भी अधूरा है।
प्रभारी प्रो. संजय जैन ने बताया कि विश्वविद्यालय से संबद्ध करीब चार लाख छात्रों में से अब तक केवल 2,32,500 छात्रों का ही डाटा समर्थ पोर्टल से लिंक हो सका है। अन्य का रिकॉर्ड अपडेट न होने से विश्वविद्यालय प्रशासन की चिंता बढ़ गई है।
उन्होंने बताया कि यदि यह लिंकिंग प्रक्रिया समय पर पूरी नहीं हुई तो भविष्य में परीक्षा, अंकपत्र (मार्कशीट) और अन्य शैक्षणिक कार्यों में बड़ी मुश्किलें आ सकती हैं। इस वजह से सभी महाविद्यालयों को जल्द से जल्द यह प्रक्रिया पूरी करने के कड़े निर्देश दिए गए हैं।