डिग्री कॉलेज खुलने के बाद गेट पर खडें जेड एच डिग्री कॉलेज के प्राचार्य ।संवाद
- फोटो : ETAH
कासगंज/एटा। शासन के निर्देश पर जिले के उच्च शिक्षण संस्थान खुल तो गए, लेकिन छात्र छात्राओं एवं अभिभावकों के बीच कोरोना का डर साफ देखा गया। संस्थानों में उपस्थिति काफी प्रभावित रही। 20 प्रतिशत छात्र छात्राएं भी शिक्षा के लिए अपने संस्थान में नहीं पहुंचे। लगभग आठ माह के अंतराल के बाद सोमवार को उच्च शिक्षण संस्थान खुल गए। कोरोना के चलते सोशल डिस्टेंसिंग को ध्यान में रखकर शिक्षण संस्थानों में पंजीकृत छात्र-छात्राओं में से 50 प्रतिशत बच्चों को पहले दिन शिक्षण कार्य के लिए बुलाया गया लेकिन कोरोना के खतरे को देखते हुए अधिकांश अभिभावकों ने अपने बच्चों को शिक्षण कार्य के लिए नहीं भेजा।
जिससे पहले दिन उपस्थिति काफी प्रभावित रही। शहर के नगर पालिका कन्या महाविद्यालय में 1000 छात्राएं पंजीकृत हैं लेकिन 200 छात्राएं ही कॉलेज में उपस्थित हुई। केए महाविद्यालय में 600 में से 75 छात्र छात्राएं ही शिक्षण कार्य के लिए पहुंचे। प्रवेश छात्र छात्राओं की थर्मल स्केनिंग की गई। हाथों को सैनिटाइज कराया गया। इसके अलावा मास्क भी चैक किए गए । इसके बाद ही उन्हें प्रवेश दिया गया।
वहीं एटा में शासन ने 23 नबंवर से महाविद्यालय खोलने के निर्देश जारी कर दिए हैं। सोमवार से सभी महाविद्यालयों मेेेें परास्नातक की कक्षाएं शुरू हो चुकी हैं। लेकिन पहले दिन कक्षाओं में सन्नाटा पसरा रहा। जनपद के सभी महाविद्यालयों में छात्रों की उपस्थिति लगभग एक फीसद रही। अनलॉक में पहली बार जिले के एक सरकारी, दो एडिड सहित 95 वित्तविहीन महाविद्यालय सोमवार को खुले तो कक्षाओं में छात्रों की उपस्थिति नगण्य रही। अधिकांश महाविद्यालय में एक दो स्नातक के छात्र ही उपस्थित नजर आए।
पहुंचे छात्रों का प्रवेश द्वार पर ही थर्मल स्क्रीनिंग के साथ सैनिटाइजेशन कराया गया। आगरा रोड स्थित जेडएच पीजी कॉलेज के प्राचार्य रसेल राज ने बताया कि सोमवार को परास्नातक के दो छात्र क्लास लेने पहुंचे। वहीं जनता पीजी कॉलेज परसोंन के प्राचार्य विजय सिंह यादव ने बताया कि परास्नातक का एक भी छात्र कॉलेज नहीं पहुंचा। जवाहर लाल नेहरू पीजी कॉलेज की प्राचार्या डॉ. सुनीता सक्सेना ने बताया कि छात्रों को फोन के माध्यम से कक्षाओं में आने के लिए सूचित किया जा रहा है।
कासगंज के एमजी डिग्री कॉलेज में पहले दिन शिक्षण के लिए पहुंची छात्राएं- फोटो : KASGANJ