कासगंज/सहावर। बीएससी की छात्रा ने रेलवे रोड स्थित कोचिंग सेंटर के शिक्षक पर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया है। कस्बा के एक मोहल्ले की बीएससी की छात्रा ने सहावर थाने में केस दर्ज कराते हुए बताया कि वह 2023 से रेलवे रोड स्थित एक कोचिंग सेंटर में पढ़ती थीं। कोचिंग में छात्रा को शिक्षक विनय निवासी गांव चेहका गुनार रसायन विषय पढ़ाते थे। उसका आरोप है कि जब सारे छात्र कोचिंग से चले जाते थे। तब शिक्षक विनय उसे किसी बहाने से कोचिंग में रोक लेता था फिर उसके साथ दुष्कर्म करते थे। करीब 8 माह से आरोपी शारीरिक शोषण कर रहा था। इससे परेशान होकर छात्रा ने दो माह पहले कोचिंग सेंटर छोड़ दिया। उस समय डर के कारण किसी को कुछ नहीं बताया। बाद में जब इसकी जानकारी परिजन को दी तो उनके होश उड़ गए। सीओ सहावर शाहिदा नसरीन ने बताया कि छात्रा की शिकायत पर आरोपी शिक्षक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार करके मामले की जांच की जा रही है।