मैनपुरी। जिले में अवैध कोचिंग का धंधा तेजी के साथ चल रहा है। इसे रोकने के लिए शिक्षा विभाग ने कमर कस ली है। दिवाली के त्योहार के बाद अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी। जिला विद्यालय निरीक्षक ने ब्लाॅक स्तर पर प्रधानाचार्यों को इसकी जिम्मेदारी सौंपी है। जिले में खुले आम अवैध कोचिंग सेंटर का संचालन हो रहा है। ये कोचिंग सेंटर स्कूल समय में संचालित हो रहे हैं। इससे जिले की शिक्षा व्यवस्था प्रभावित हो रही है। छात्र बीच में ही स्कूली पढ़ाई छोड़कर कोचिंग के लिए भाग रहे हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक सतीश कुमार ने जानकारी होने के बाद इन कोचिंग सेंटरों पर कार्रवाई का निर्णय लिया है। जिला विद्यालय निरीक्षक ने कहा कि प्रत्येक विकास खंड स्तर पर एक राजकीय कॉलेज के प्रधानाचार्य को जिम्मेदारी सौंपी गई है कि वे अपने क्षेत्र में बिना पंजीकरण के संचालित कोचिंग सेंटर की सूची तैयार करें। इसके लिए दिवाली बाद अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी। जिला विद्यालय निरीक्षक ने चेतावनी दी है कि कोई भी शिक्षक बिना पंजीकरण के कोचिंग सेंटर का संचालन न करे। जिन लोगों ने पंजीकरण करा रखा है वे पंजीकरण की शर्तों के अनुसार विद्यालय समय में कोचिंग संचालन न करें। जानकारी मिली है कि स्कूल समय में अवैध कोचिंग का संचालन होने से छात्र-छात्राएं स्कूलों से बीच समय में भाग रहे हैं। इससे शिक्षा व्यवस्था प्रभावित हो रही है। संबंधितों पर अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी।
- सतीश कुमार, डीआईओएस मैनपुरी