शातिर ने नाैकरी के लिए 10 लाख रुपये खर्च होने की बात कही। शुरुआत में 25 प्रतिशत रकम मांगी। पीड़िता ने 2.50 लाख रुपये दिए। इसके बाद आरोपी ने 25 हजार रुपये वापस कर दिए। शेष रकम लौटाने में टालमटोल करता रहा।
पुलिस में नौकरी दिलाने का झांसा देकर खुद को शिक्षक बताने वाले युवक ने युवती से 2.25 लाख रुपये ठग लिए। पीड़िता ने थाना ताजगंज में प्राथमिकी दर्ज कराई है।पुलिस मामले की जांच कर रही है।
विज्ञापन
पीड़िता ममता राजपूत निवासी श्यामो गांव ने डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की थी। बताया था कि आरोपी रोहनजय पाण्डेय निवासी हल्दीपुर, जौनपुर वर्ष 2024 में थाना ताजगंज क्षेत्र में रहकर खुद को टीजीटी शिक्षक बताकर कोचिंग संचालित करता था। ममता उसके संपर्क में थी।
इसी दौरान आरोपी ने भरोसा दिलाया कि उसकी सचिवालय में अच्छी पहचान है और वह उसे पुलिस विभाग में नौकरी दिलवा सकता है। इसके लिए उसने 10 लाख रुपये खर्च होने की बात कही और शुरुआत में 25 प्रतिशत रकम मांगी। पीड़िता ने 10 मई 2024 से 11 नवंबर 2025 के बीच अलग-अलग तिथियों में 2.50 लाख रुपये दिए।
विज्ञापन
काम नहीं होने पर आरोपी ने जनवरी 2025 में 25,000 रुपये वापस किए। शेष रकम लौटाने में टालमटोल करता रहा। अब वह फोन भी नहीं उठा रहा है। कह रहा है कि नौकरी दिलाने की बात झूठ थी। डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है।