करहल। थाना कुर्रा क्षेत्र के गांव उदनाडांडा निवासी युवक की मौत हत्या है या कुछ और अब इसकी जांच सीओ करहल करेंगे। मंगलवार को मृतक के परिजन ने एसपी कार्यालय के बाहर ज्वलनशील पदार्थ डाल कर खुदकुशी की कोशिश की थी। अपर पुलिस अधीक्षक नगर राहुल मिठास के आदेश पर कुर्रा पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। सीओ की जांच रिपोर्ट आने के बाद पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई करेगी।
कुर्रा क्षेत्र के उदनाडांडा गांव निवासी अजय उर्फ अंशू के परिजन ने मंगलवार को एसपी कार्यालय के बाहर मुकदमा दर्ज न किए जाने का आरोप लगाते हुए खुद पर ज्वलनशील पदार्थ डाल कर खुदकुशी की कोशिश की थी। लेकिन परिसर में तैनात पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोक लिया था। परिजन ने आरोप लगाया था कि 15 नवंबर को अजय को गांव के कुछ लोग घर से मजदूरी के लिए बुलाकर ले गए थे।
इन लोगों ने ही हत्या करने के बाद शव को पेड़ से लटका दिया। इस मामले में पुलिस आरोपियों पर रिपोर्ट दर्ज नहीं कर रही है। अपर पुलिस अधीक्षक राहुल मिठास के आदेश पर कुर्रा पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। वहीं मुकदमे की विवेचना सीओ करहल संतोष कुमार सिंह को सौंपी गई है। सीओ करहल पोस्टमार्टम रिपोर्ट, आरोप, साक्ष्य आदि के आधार पर तय करेंगे कि अजय उर्फ अंशू की हत्या हुई थी या वजह कुछ और थी। फिलहाल परिजन को जांच रिपोर्ट का इंतजार करना होगा।