फिरोजाबाद-शिकोहाबाद मार्ग पर इंदुमई गांव के सामने चलते कंटेनर से सीएनजी टैंक सड़क पर गिर गया और गैस का रिसाव शुरू हो गया। रिसाव देखकर दुकानदार और ग्रामीण दहशत में आ गए तथा कुछ देर यातायात भी रुक गया, हालांकि आग न होने से बड़ा हादसा टल गया।
फिरोजाबाद के थाना मक्खनपुर क्षेत्र के हाईवे पर इंदुमई गांव के सामने जा रहे कंटेनर से सीएनजी टैंक नीचे गिर गया, जिससे गैस का रिसाव होने लगा। गैस का रिसाव होता देखकर ग्रामीणों में अफरा तफरी मच गई। सड़क किनारे दुकानदार भी अपनी दुकान छोड़कर भाग खड़े हुए। कुछ देर के लिए यातायात भी रुक गया।
विज्ञापन
सीएनजी टैंक से रिसाव होने के कारण लोग दहशत में आ गए, लेकिन आसपास आग न होने के कारण कोई भी घटना होने से बच गई। अगर आग होती तो बड़ी घटना हो सकती थी।
लोगों ने इसकी सूचना थाना पुलिस को दी लेकिन थाना पुलिस के पहुंचने से पहले ही सिलिंडर से गैस का रिसाव बंद हो गया। ट्रक चालक ने टैंक को लोगों की मदद से उठाकर गाड़ी में फिट किया। थाना प्रभारी चमन कुमार शर्मा का कहना है कि सूचना मिली थी, लेकिन जब तक पुलिस पहुंची तब तक स्थिति सामान्य हो चुकी थी।