मैनपुरी। महाराजा तेज सिंह जिला अस्पताल की निगरानी ऑनलाइन सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से कराई जा रही है। रविवार की दोपहर निदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य लखनऊ के यहां से सीएमएस के पास फोन आया। फोन पर निदेशालय के एक अधिकारी ने सीएमएस से पूछा कि आपके अस्पताल में बेडों पर चादर क्यों नहीं है। फोन आते ही सीएमएस अवकाश के दिन अस्पताल पहुंच गए। आनन-फानन में सभी बेडों पर चादर बिछवाईं।
महाराजा तेज सिंह जिला अस्पताल की सेवाएं लगातार बदहाल बनी हुई हैं। यहां डॉक्टरों की कमी के साथ ही व्यवस्थाओं को बनाए रखने पर भी ध्यान नहीं दिया जा रहा है। अस्पताल की व्यवस्थाओं को सुधारने के लिए निदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य कार्यालय लखनऊ से सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी भी की जा रही है। रविवार की दोपहर करीब 12 बजे कार्यालय स्वास्थ्य एवं चिकित्सा निदेशक लखनऊ के यहां से सीएमएस को फोन आया। फोन पर एक अधिकारी ने कहा कि सीएमएस साहब आपके अस्पताल में मरीजों के बेडों पर चादर क्यों नहीं हैं।
सीएमएस इस समय लखनऊ से ही बैठक से वापस लौट रहे थे। दोपहर 2 बजे सीएमएस सीधे अस्पताल पहुंचे और यहां इमरजेंसी में उन्हें बेड पर चादर नहीं मिले। सीएमएस ने लखनऊ से हो रही निगरानी की जानकारी देते हुए तुरंत अस्पताल के सभी बेडों पर चादर की व्यवस्था कराई। सीएमएस ने अवकाश के दिन ही इंडोर और इमरजेंसी प्रभारियों को अस्पताल बुलाया और निर्देश दिए कि प्रत्येक मरीज के लिए चादर उपलब्ध होनी चाहिए।