मैनपुरी। स्वास्थ्य विभाग से पत्र भेजने के बाद भी नगर पालिका प्रशासन ने नगर क्षेत्र में जलभराव वाले संवेदनशील इलाकों की तरफ ध्यान नहीं दिया है। जल निकासी की व्यवस्था न होने के कारण यहां डेंगू के साथ संचारी रोग फैलने की संभावना है। सीएमओ ने पुन: नगर पालिका प्रशासन को पत्र भेज इन इलाकों में जलनिकासी की व्यवस्था कराने को कहा है।
शासन के निर्देश पर संचारी रोगों से बचाव के लिए अभियान चलाया जा रहा है। बावजूद इसके नगर पालिका प्रशासन की लापरवाही भी सामने आ रही है। बीते वर्ष जिन क्षेत्रों में जलभराव के कारण डेंगू और संचारी रोग फैले थे। वहां एक बार फिर से रोगों के फैलने की संभावना बढ़ गई है। जिला मलेरिया अधिकारी एसएन सिंह की संस्तुति पर सीएमओ ने 15 मार्च को नगर पालिका प्रशासन को पत्र लिखकर कहा था कि शहर के जलभराव वाले संवेदनशील इलाकों में जलनिकासी की व्यवस्था की जाए। 16 संवेदनशील स्थानों को चिह्नित कर पत्र पालिका को भेजा गया था। पालिका ने रोगों को लेकर खतरे वाले इन क्षेत्रों की तरफ ध्यान नहीं दिया। मलेरिया अधिकारी की संस्तुति पर सीएमओ ने पुन: जल निकासी, साफ-सफाई के साथ दवा छिड़काव के लिए कहा है।
ये इलाके हैं संवेदनशील
संसारपुर, रमईहार, नगला निरंजन, नगला पजाबा, भोजपुरा, यदुवंश नगर, रघुराजपुरी, राजीव गांधी नगर, नगला रते, हंस नगर, छोटी नगरिया, बड़ी नगरिया, रामलीला मैदान, मोहल्ला न्यू अग्रवाल, रमईहार, जिला अस्पताल के सरकारी आवास आदि।
- नगर पालिका प्रशासन को संवेदनशील इलाकों में जल निकासी और सफाई के लिए दो बार पत्र भेजा गया है। स्वास्थ्य विभाग भी अपनी तरफ से हर संभव प्रयास कर रहा है। लोगों को रोगों से बचाव के लिए जागरूक किया जा रहा है। - डॉ. एके पांडेय, सीएमओ।
- स्वास्थ्य विभाग से जो इलाके संवदनशील बताए गए हैं, वहां साफ-सफाई कराई जाएगी। शीघ्र ही टीम भेजकर दवा का छिड़काव भी कराया जाएगा। - लालचंद भारती, ईओ नगर पालिका।