कोसीकलां। चिकित्सक दंपती के कोराना संक्रमित होने के बाद बुधवार को सीएमओ डॉ. शेरसिंह ने स्वास्थ्य टीमों के कार्य का जायजा लिया। नगर व अस्पताल के सैनिटाज किए जाने की व्यवस्था के बारे में भी पूछताछ की। टीमों ने 1226 घरों में करीब 9870 लोगों के स्वास्थ्य का परीक्षण किया।
हॉस्पिटल में ऑपरेशन कराने वाले 16 मरीजों को चिह्नित कर चार मरीजों समेत उनके 13 नमूने जांच के अलीगढ़ भेजे गए हैं। 12 मरीज राजस्थान व हरियाण के हैं। सीएचसी प्रभारी डॉ. गिरेंद्रपाल सिंह ने बताया कि सर्वे के लिए टीमें लगी हुई हैं। सील इलाके को पालिका की ओर से सैनिटाइज भी किया जा रहा है।
एसडीएम डॉ. सुरेश कुमार ने बताया कि सील किए गए हाटस्पॉट के एक किलोमीटर की परिधि में लोगों को परेशानी न हो, इसके लिए साफ-सफाई, सैनिटाजेशन, जलापूर्ति, व्यापारियों के माध्यम से आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति कराने की जिम्मेदारी नगर पालिका अधिशासी अधिकारी पूर्णिमा, लेखाधिकारी योगेंद्र शर्मा, प्रवेश सिंह, राजीव यादव करेंगे।
स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं के लिए सीएचसी प्रभारी डॉ. गिरेंद्रपाल सिंह, डॉ. मुकेश कुमार व्यवस्था करेंगे। इसी प्रकार खाद्यान्न व दुग्ध आपूर्ति की व्यवस्था औषधि निरीक्षक मुकेश कुमार और आपूर्ति निरीक्षक प्रीती सिंह व्यवस्थित करेंगे।