150 लोगों से 20 लाख से अधिक रुपये हड़पने के आरोपी फाइनेंस कंपनी के सीएमडी को निवेशकों ने कोर्ट के बाहर पीट डाला। सीएमडी शनिवार को धोखाधड़ी के इसी मामले में पेशी पर आया था।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने सीएमडी को कोतवाली ले गई। वहां उससे पूछताछ की गई लेकिन उसने किसी के खिलाफ कार्रवाई के लिए तहरीर नहीं दी।
यंग इंडिया म्यूच्युअल वेनीफिटस निधि लिमिटेड कंपनी ने कई साल पहले शहर में अपनी शाखा खोली थी। सैकड़ों लोगों ने कंपनी की विभिन्न योजनाओं में निवेश किया। लगभग दो साल पहले यह कंपनी फरार हो गई।
खाताधारक अरविंद ने सीएमडी सुनील बघेल निवासी ढोलना के खिलाफ मामला दर्ज कराया तो अन्य निवेशकों ने भी शिकायतें दर्ज कराईं। उस वक्त पुलिस के पास पहुंचने वाले निवेशकों की संख्या 150 तक पहुंच गई और धोखाधड़ी की रकम बीस लाख पार कर गई।
इसी मामले में शनिवार को कोर्ट में तारीख थी। पेशी के बाद सुनील कोर्ट परिसर से बाहर आया तो कंपनी की धोखाधड़ी का शिकार बने प्रेम कुमार और अवधेश कुमार ने उसे दबोच लिया और जमकर पीटा।
सूचना पर पुलिस उसे कोतवाली ले गई। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि पैसे के लेनदेन से जुडा मामला है। अभी फाइनेंस कंपनी के सीएमडी के खिलाफ पुलिस को तहरीर नहीं दी गई है।