उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी अगस्त में आगरा आकर अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे का शिलान्यास करेंगे। नेशनल चेंबर प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात में यह दावा राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष और सांसद रामशंकर कठेरिया ने रविवार को किया।
नेशनल चेंबर के अध्यक्ष नरिंदर सिंह, अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा विकास प्रकोष्ठ चेयरमैन राजीव तिवारी की अध्यक्षता में प्रतिनिधिमंडल ने सांसद और एससी आयोग चेयरमैन रामशंकर कठेरिया से इंटरनेशनल एयरपोर्ट की मांग की।
चेंबर ने जनांदोलन पर सांसद से चर्चा की, जिसके बाद सांसद कठेरिया ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि आगरा में अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे की स्थापना जरूर होगी। शिलान्यास के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री अगस्त में आ रहे हैं।
सांसद के इस दावे के बाद नेशनल चेंबर ने अपना हस्ताक्षर अभियान स्थगित कर दिया। प्रतिनिधिमंडल में राजीव अग्रवाल, अनूप गोयल, अमर मित्तल, डा. एसके साहनी, मनोज बंसल आदि मौजूद रहे।