उन्नत गोवंश के लिए कार्य करने की जरूरत
मुख्यमंत्री ने कहा कि मंदिर में श्रीकृष्ण बलराम की प्रतिमा के साथ गो दुग्ध प्लांट है। गुरुकुल की गोशाला में उन्नत गोवंश मौजूद हैं। भारतीय नस्ल की उन्नत गोवंश के लिए कार्य करना है। मथुरा के वेटरनरी विश्वविद्यालय में ये काम हो रहा है। उन्होंने कहा कि ब्रजभूमि भगवान श्रीकृष्ण की लीला भूमि के साथ गोसेवा की भूमि भी बने।
उन्होंने कहा कि अगर हमें अन्नदाता की आमदनी बढ़ानी है तो दुग्ध के साथ दुग्ध के बने उत्पाद को प्राथमिकता देनी होगी। उन्होंने बताया कि भारतीय नस्ल के गोवंश से न केवल दुग्ध पदार्थ बल्कि सीएनजी भी बन रही है। इस काम को आगे बढ़ाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि सरकार गो संरक्षण का कार्य कर रही है। भारतीय नस्ल के गोवंश सुरक्षित रहें, इसके प्रयास किए जा रहे हैं। इससे पूर्व यहां पहुंचने पर इस्कॉन के छात्रों ने बीज मंत्र का जाप कर सीएम का स्वागत किया।
सीएम ने बनाया उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश : हेमा
सांसद हेमा मालिनी ने कहा कि मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाया है। भारत का नवनिर्माण हो रहा है। महिला सुरक्षा और गरीबों के हित के लिए कार्य हो रहे हैं। मुख्यमंत्री का सनातन संस्कृति की स्थापना में बहुत योगदान दिया है। मथुरा-वृंदावन में विकास हो रहा है। जल्द ही यमुना शुद्धिकरण का काम शुरू होगा। उन्होंने कहा कि इस्कॉन से मेरा 30 साल से अधिक का नाता है। इस्कॉन के भक्तों ने ही ब्रज का पहली बार दर्शन करवाया और लीलाओं की जानकारी दी।