मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को आगरा के धर्मगुरुओं के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बात की। इस दौरान फादर मून लाजरस ने मुख्यमंत्री से कहा कि कोरोना से बचाव और एहतियात में सभी अच्छा काम कर रहे हैं, लेकिन सोशल मीडिया में समाज में खाई पैदा करने वाली संदेशों पर अंकुश लगना चाहिए। उन्होंने कहा कि भोजन वितरण किया जा है मगर सभी गरीबों तक पहुंचे, इसके लिए मॉनीटरिंग अच्छे ढंग से होनी चाहिए।
कलक्ट्रेट में वीडियो कॉन्फ्रेंस में मुख्यमंत्री योगी से फादर मून ने कहा कि गलियों में लॉकडाउन का पालन ठीक से नहीं हो पा रहा है, इसलिए गश्त को बढ़ाया जाए। धर्मगुरुओं की लॉकडाउन खत्म होने के बाद भी समाज के लोगों को दिशा देने में बड़ी भूमिका रहेगी। आगरा में सात धर्मगुरुओं में केवल फादर मून से ही मुख्यमंत्री की बातचीत हुई।
इसके बाद प्रयागराज, लखनऊ, सहारनपुर, वाराणसी, अयोध्या के धर्मगुरुओं से भी बातचीत हुई। कॉन्फ्रेंस के बाद मंडलायुक्त अनिल कुमार ने धर्मगुरुओं से सुझाव मांगे। मन:कामेश्वर मंदिर के महंत योगेश पुरी ने कहा कि क्वारंटीन सेंटरों में जहां भी कोई पीड़ित दिक्कत पैदा करे, उसे समझाने के लिए सभी धर्मगुरु तैयार हैं। प्रशासन का हर संभव सहयोग किया जाएगा।