मुख्यमंत्री अखिलेश यादव 14 फरवरी को आगरा में होंगे। वे पर्यटन विभाग द्वारा चलाए जा रहे ऑनलाइन कार्यक्रम ‘मेरा आगरा’ का समापन करने आ रहे हैं। ताज नेचर वाक में आयोजित होने वाले इस समारोह में विजेताओं को पुरस्कृत करेंगे। आगरा में वे तकरीबन तीन घंटे बिताएंगे। मंडलायुक्त की अध्यक्षता में सोमवार को कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर बैठक भी हुई। लोक निर्माण मंत्री शिवपाल यादव भी 11 फरवरी को आगरा आ रहे हैं। वह सूरसदन में होने वाले कार्यक्रम में शामिल होंगे। मंडलायुक्त प्रदीप भटनागर ने सर्किट हाउस में पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं और पर्यटन व्यवसायियों को मुख्य रूप से आमंत्रित किया जाएगा। बैठक में जिलाधिकारी पंकज कुमार, डीआईजी लक्ष्मी सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश डी मोदक, एडीए उपाध्यक्ष मनीषा त्रिघाटिया, सचिव कैप्टन प्रभांशु श्रीवास्तव, नगर आयुक्त इंद्र विक्रम सिंह, क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी दिनेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के प्रमुख अधिकारी मौजूद रहे।