सोरोंजी(कासगंज)। तीर्थनगरी सोरोंजी में बनाए गए परिक्रमा मार्ग व मार्ग में बनाए गए प्रतिक्षालय, स्ट्रीट लाइट आदि के कार्यों का सीएम योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को लोकार्पण किया। 7.55 करोड़ रुपये की लागत से तीर्थनगरी में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए यह कार्य किया गया है। अभी तीर्थनगरी में अन्य विकास के कार्य चल रहे हैं। लखनऊ से सीएम ने वर्चुअल लोकार्पण किया। अलीगढ़ मंडल स्तर पर कार्यक्रम का आयोजन हुआ। जिसमें जन प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। पंचकोसी परिक्रमा मार्ग तो करीब 15 किलोमीटर लंबा है, लेकिन पर्यटन विभाग के द्वारा 6 किलोमीटर में परिक्रमा मार्ग का निर्माण कराया गया है। इसमें श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 10 यात्री शेड बनाए गए हैं। जहां श्रद्धालु बैठकर आराम कर सकते हैं। पूरे परिक्रमा मार्ग में 194 बड़ी लाइट लगाई गई हैं। पेयजल की व्यवस्था के लिए सबमर्सिवल, बैंचों, शौचालय आदि का निर्माण किया गया है। पंचकोसी परिक्रमा मार्ग का निर्माण होने से श्रद्धालुओं को राहत है। वर्ष 2021 में सांसद राजवीर सिंह के द्वारा इसका शिलान्यास किया गया और निर्माण की प्रक्रिया शुरू हुई। जिसका सोमवार को सीएम ने लोकार्पण किया।