अमर उजाला ने मंगलवार के अंक में आंगनबाड़ी केंद्रों पर गर्भवती महिलाओं और 6 साल से कम उम्र के बच्चों को कुपोषण से बचाने के लिए सरकार द्वारा मुफ्त बांटे जा रहे पुष्टाहार में चना दाल, सोयाबीन रिफाइंड तेल को किराना दुकानों पर बेचे जाने का खुलासा किया था। इसका बड़ा असर हुआ। स्वयं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लिया।
मंगलवार शाम को ही वीडियो कांफ्रेंसिंग से मुख्यमंत्री ने आगरा के जिलाधिकारी, मंडलायुक्त व पुलिस कमिश्नर को इस मामले में सख्त करवाई के निर्देश दिए। मंगलवार रात को ही पुलिस ने पुष्टाहार का अवैध भंडारण कर खरीद फरोख्त के आरोपी प्रवीण अग्रवाल निवासी नाई की मंडी, डेरा सरस को गिरफ्तार कर लिया।
बुधवार तक 17 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं पर निलंबन की करवाई हो चुकी है। डीपीओ और सीडीपीओ को भी शासन निलंबित कर सकता है। गहराई से जांच के लिए उच्च स्तरीय कमेटी भी शासन से बनाई जा सकती है। जिले में चार हजार से अधिक आंगनबाड़ी केंद्र हैं। जहां 3.50 लाख से अधिक लाभार्थी हैं।
दो आंगनबाड़ी कार्यकर्ता भी पकड़ी गईं
पुलिस ने प्रवीन अग्रवाल के साथ दो आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को भी गिरफ्तार किया है। इनमें सदर भटठी, मंटोला की भारती देवी और नाई की मंडी स्थित हलका मदन की इंदु शर्मा भी शामिल हैं। दोनों पर आरोप है कि वह सरकारी पुष्पाहार को को प्रवीन अग्रवाल को बेचा करती थी। प्रवीन पुष्टाहार ग्राहकों को बेचकर मुनाफा कमाता था। पुलिस आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से भी पूछताछ में लगी है।
यह भी देखेंः-