कासगंज। कोरोना की आरटीपीसीआर जांच अब जिले में हो सकेगी। जांच रिपोर्ट के लिए लोगों को कई दिनों तक इंतजार नहीं करना पड़ेगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ से वर्चुअल माध्यम से लैब का उद्घाटन किया। उद्घाटन के दौरान यहां लैब पर लगाई गई उद्घाटन पट्टिका का अनावरण सीएमओ द्वारा किया गया।
डीएम सीपी सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री ने लखनऊ से इस आरटीपीसीआर लैब का वर्चुअली उद्घाटन किया है। इस लैब के माध्यम से जिले में ही कोरोना की आरटीपीसीआर जांच हो सकेगी। क्योंकि पहले आरटीपीसीआर जांच के लिए सैंपल जिले से अलीगढ़, आगरा, लखनऊ, सैफई भेजने पड़ते थे। इनका परिणाम 3-4 दिन में मिल पाता था। अब संक्रमण का तत्काल पता चल सकेगा। सीएमओ डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि अभी दस सैंपलों से जांच शुरू की गई है। लैब की जांच क्षमता बढ़ाकर 1200 सैंपल की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस सुविधा से जिले में कोरोना महामारी से लड़ने में काफी लाभ मिलेगा। कार्यक्रम के दौरान डॉ. कृष्ण अवतार, डॉ. प्रवीण श्रीवास्तव सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।