मैनपुरी। बीएसए कार्यालय पर बुधवार को शिक्षक नेताओं की अभद्रता से भयभीत बाबू ने बृहस्पतिवार को चिकित्सकीय अवकाश का प्रार्थना पत्र दे दिया। घटना की बीएसए कार्यालय में दूसरे दिन भी चर्चा रही। कार्यालय के अन्य बाबू भी दहशत में दिखाई दिए।
जिला बेसिक शिक्षाधिकारी कार्यालय के एक बाबू के साथ बुधवार को यहां पहुंचे कुछ शिक्षक नेताओं ने मारपीट कर अभद्रता की थी। पीड़ित बाबू ने दहशत के चलते मामले की किसी से शिकायत नहीं की। बाबू का कहना था कि वे लोग ऊंची पहुंच वाले हैं उनका कुछ नहीं होने वाला है। बृहस्पतिवार को पीड़ित बाबू बीएसए कार्यालय पहुंचा यहां बाबू ने बीएसए से मुलाकात की और उन्हें ने चिकित्सकीय अवकाश का प्रार्थना पत्र सौंपा। इसी दौरान यहां इंटेलीजेंस विभाग के लोग भी पहुंचे जिन्होंने बाबू से मामले की जानकारी ली। इसके बाद बाबू वहां से निकल गया। बाबू के साथ हुई घटना से बीएसए कार्यालय में बृहस्पतिवार को दहशत भरा माहौल रहा। यहां बैठे बाबुओं में भी निराशा थी। घटना की बाबू आपस में चर्चा जरूर कर रहे थे लेकिन घटना के संबंध में कुछ भी बताने को तैयार नहीं थे। घटना के बाद बीएसए कार्यालय में बृहस्पतिवार को सन्नाटा नजर आया। यहां रोज की तरह किसी प्रकार की भीड़ भाड़ नहीं थी। बाबू से बातचीत करने का प्रयास किया गया लेकिन उन्होंने कुछ भी बताने से मना कर दिया।