नगर निगम कार्यकारिणी की बैठक करती महापौर हेमलता दिवाकर व नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल व अन्य
आगरा। नगर निगम कार्यकारिणी समिति की बैठक में सदस्यों ने सफाई व्यवस्था पर सवाल उठाए। हर वार्ड में पार्षद को 10-10 सफाई कर्मचारी न देने का मुद्दा उठाया गया, जिस पर तय हुआ कि मुख्य मार्गाें के साथ गली मोहल्लों की सफाई व्यवस्था में सुधार किया जाएगा, वहीं छावनी क्षेत्र में सीवर लाइन बिछाने के लिए लीज पर जमीन देने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। मेट्रो को नगर निगम की भूमि हस्तांतरित करने पर सशर्त मुहर लगाई गई।
सोमवार को महापौर हेमलता दिवाकर की अध्यक्षता में हुई कार्यकारिणी की बैठक के दौरान समिति सदस्यों ने सफाई व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए। बसपा पार्षद बंटी माहौर ने सफाई व्यवस्था मुख्य मार्गों तक सीमित रहने और गली-मोहल्लों में गंदगी के अंबार रहने के आरोप लगाए। इस पर महापौर व नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने नगर स्वास्थ्य अधिकारी को फटकार लगाई। नगर आयुक्त ने सहायक नगर आयुक्त को निरीक्षण कर व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। बैठक में सात प्रस्तावों को सर्वसम्मति से पारित किया गया। आगरा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड को नगर निगम परिसर में रिक्त पड़ी 48.07×20.80 वर्ग मीटर भूमि के हस्तांतरण को सशर्त मंजूरी प्रदान कर दी। कार्यकारिणी ने सूरसदन मेट्रो स्टेशन से होने वाली आय का आधा हिस्सा नगर निगम को मिलने की बात कही। प्रस्ताव अब अंतिम स्वीकृति के लिए नगर निगम सदन में भेजा जाएगा। बैठक में अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार, मुख्य अभियंता अजय कुमार राम, उपनगर आयुक्त डॉ. सरिता सिंह, मुख्य वित्त अधिकारी बृजेश सिंह, सहायक नगर आयुक्त श्रद्धा पांडेय एवं अशोक प्रिय गौतम, जलकल महाप्रबंधक अरुणेंद्र राजपूत सहित अधिकारी मौजूद रहे।
एक रुपये लीज पर जमीन देगा नगर निगम
छावनी क्षेत्र में सीवर व्यवस्था के लिए एसपीएस, 500 मिमी. व्यास की सीवर लाइन एवं 400 मिमी. व्यास की सीवर राइजिंग मेन बिछाने के लिए तहसील सदर के ग्राम मौजा चक चाहरम, चक दखली मौजा चावली और नैनाना ब्राह्मण की जमीन एक रुपये वार्षिक की लीज पर 99 वर्षों के लिए देने का प्रस्ताव पास किया गया। पार्षद अमित सिंह ने बिजलीघर चौराहे का नाम शिवाजी चौक रखने तथा मदिया कटरा से कोठी मीना बाजार तक मार्ग का नाम बदलकर सरदार वल्लभ भाई पटेल के नाम पर रखने का प्रस्ताव पेश किया। इसे सदन में भेजने का निर्णय लिया गया। वहीं, सदस्य विक्रांत सिंह कुशवाह ने नगर निगम के मकानों और दुकानों के किराए को लेकर लाई गई एकमुश्त समाधान योजना लाने का प्रस्ताव रखा। अधिकारियों ने बताया कि प्रस्ताव पूर्व में ही शासन भेजा जा चुका है।
अवैध पार्किंग संचालकों पर होगी प्राथमिकी
पार्षद बंटी माहौर ने एमजी रोड पर विनायक मॉल के पास अवैध पार्किंग का मुद्दाउठाया। सदस्यों ने बताया कि अवैध पार्किंग के चलते जाम रहता है और हादसे की आशंका है। इस पर मेयर ने तत्काल अवैध पार्किंग बंद कराने और संचालकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए।